Weather Alert : फिर बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से हलकान रहा शहर, बढ़ी ठंड Jamshedpur News
Weather Alert. मौसम का मिजाज एकबार फिर बदल गया है। अगले चार दिनों तक झारखंड के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान वज्रपात और ओले पड़ने के भी आसार हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। Heavy Rainfall possible in Jamshedpur at Jharkhand Four Days मौसम का मिजाज एकबार फिर बदल गया है। अगले चार दिनों तक झारखंड के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान वज्रपात और ओले पड़ने के भी आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता दिखा जब बुधवार की शाम को मौसम खराब हुआ। बूंदाबांदी शुरू हो गई और शहर में अंधेरा छा गया।
हर दिन बदलते मौसम ने बुधवार को ऐसी करवट ली कि सुबह से रात तक झमाझम बारिश होती रही। इसकी वजह से दोपहर में ही ठंड का अहसास होने लगा। शाम होते-होते ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने बुधवार को शाम पांच बजे तक जमशेदपुर में 9.2 मिलीमीटर वर्षा का रिकार्ड दर्ज किया।
विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी मौसम का यही हाल रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे, तो गरज के साथ मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। शुक्रवार को मौसम थोड़ा साफ रहेगा, लेकिन बादल छाए रहेंगे। मौसम का मिजाज मंगलवार शाम से ही बदलने लगा था।
शाम को शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई थी, तो रात में तापमान बढ़ गया था। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि बुधवार को बारिश हो सकती है। बहरहाल ठंड बढऩे से एक बार फिर गर्म कपड़े निकल आए हैं। सड़क पर रेनकोट के साथ कई लोग स्वेटर-जैकेट पहनकर निकले।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान किया है कि 14 मार्च तक बारिश होगी। 11 मार्च के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 11 मार्च को 15 से लेकर 64 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।
बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के कई हिस्सों में बारिश हुई भी। पिछले कई दिनों से कभी ठंड, कभी बारिश, तो कभी धूप का सामना कर रहे लोगों को बीते शनिवार सुबह और शाम को तेज बारिश का सामना करना पड़ा था। जमशेदपुर शहर में शाम पांच बजे तक 29.9 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद भी करीब नौ बजे से झमाझम बारिश हुई।
बारिश से घटा तापमान
पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से जमशेदपुर शहर का तापमान रोज बदल रहा है। झमाझम बारिश के बाद पिछले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस घटा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री था, जिसे शनिवार को 29.9 डिग्री दर्ज किया गया।