Upendra singh Murder case: उपेंद्र सिंह हत्याकांड में 29 नवंबर को होगी सुनवाई
Upendra singh Murder case 30 नवंबर 2016 की दोपहर अपराधियों ने जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर के जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के तीसरी मंजिल पर उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मौके पर मोगली एवं सोनू सिंह और विनोद सिंह पकड़े गए थे।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा कालोनी निवासी ट्रांसपोर्टर उपेंद्र सिंह की हत्या मामले में अपर जिला व सत्र न्यायाधीश कुमार दिनेश की अदालत में शनिवार को बचाव पक्ष की ओर से बहस होनी निर्धारित थी, लेकिन मामले में बहस नहीं हो पाई। अब 29 नवंबर को सुनवाई होगी। हत्याकांड मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक जयप्रकाश बहस पूरी कर चुके है।
हत्या मामले में आठ नामजद समेत अन्य आरोपित हैं जिसमें गैंगस्टर अखिलेश सिंह समेत हरीश सिंह, सोनू सिंह उर्फ विक्की, विनोद सिंह उर्फ मोगली, संजय जोजो, पंकज सिंह, अजय यादव, अविनाश श्रीवास्तव शामिल है। 30 नवंबर 2016 की दोपहर अपराधियों ने जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर के जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के तीसरी मंजिल पर उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मौके पर मोगली एवं सोनू सिंह और विनोद सिंह पकड़े गए थे। अदालत ने हत्या से प्रयुक्त हथियार मामले में सोनू सिंह एवं विनोद सिंह उर्फ मोगली को तीन-तीन साल की सजा सुनायी है। अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है।