..हाजियो जाओ शहंशाह का रौजा देखो
हाजियो जाओ शहंशाह का रौजा देखो काबा भी देखो और काब
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : हाजियो जाओ शहंशाह का रौजा देखो, काबा भी देखो और काबे का काबा देखो। यानि अल्लाह का घर काबा शरीफ देखने के बाद परवरदिगार के रसूल हजरत मोहम्मद मुस्तफा के रौजे की भी ज्यारत करो। ये शेर जब मंगलवार को गांधी मैदान में पढ़ा गया तो वहां मौजूद आजमीन-ए-हज की आंखें नम हो गई। जो लोग इन आजमीन को रुखसत करने के लिए गांधी मैदान में जमा हुए थे, उनके अंदर भी हज करने और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा स. के शहर मदीना मुनव्वरा की ज्यारत करने की तमन्ना जाग उठी। अस्र की नमाज के बाद हुए कार्यक्रम में सामूहिक दुआ के बाद गांधी मैदान से 14 आजमीन-ए-हज को विदा किया गया।
वहीं, मंगलवार को रांची से शहर के 10 आजमीन जेद्दा पहुंच गए हैं। गांधी मैदान में ये आजमीन की विदाई का ये कार्यक्रम संस्था इत्तेहादुल मुसलेमीन के बैनर तले हुआ। तलबिया लब्बैक अल्ला हुम्मा लब्बैक संस्था के अध्यक्ष हाजी फिरोज खान ने पढ़ा। इसे लोगों ने दोहराया। कार्यक्रम का संचालन इत्तेहादुल मुसलेमीन के डॉक्टर अफरोज शकील ने किया। कार्यक्रम में शाकिर खान, मुजाहिद खान आदि भी मौजूद थे।
सामूहिक दुआ मदरसा दारुस्सलाम के मौलाना सगीर आलम फैजी ने कराई। उन्होंने दुनिया भर में अमन की दुआ के साथ ही अपने मुल्क और शहर में भी शांति की दुआ की। साथ ही बीमारों को शेफा मिलने, कर्जदारों का कर्ज अदा होने, लड़कियों की शादी जल्द होने, बच्चों के अच्छी तालीम हासिल करने आदि की भी दुआ कराई गई। आजमीन को विदा करने के लिए महिलाएं भी उमड़ी थीं। आजमीन को रांची ले जाने के लिए बस का भी इंतजाम था। कार्यक्रम के दौरान नात पाक बारी मस्जिद के पेश इमाम अब्दुल जब्बार ने पढ़ी। प्रोग्राफ खत्म होने के बाद आजमीन रांची के लिए रवाना हो गए। रवाना होने वालों में नसर शमसी, खुर्शीद अहमद अंसारी, रूबी, नूरी खातून, शादाब आलम, किश्वर नाहिद, अबूबकर सिद्दीक, महमूद हसन, शाहिद अहमद खान, तौफीक खान, शमशेर खान, नाजरीन खातून आदि मौजूद थीं।
--------------
दुआ के लिए आए 150 पर्चे
गांधी मैदान में हुए इस कार्यक्रम में लोगों ने अपने लिए दुआ कराने के पर्चे जमा कराए। तकरीबन 150 पर्चे आए। सबसे ज्यादा पर्चे महिलाओं की तरफ से आए। इन पर्चो को आजमीन-ए-हज को दे दिया गया है। आजमीन मक्का मोअज्जमा पहुंच कर वहां उन लोगों के लिए दुआ करेंगे जिनकी तरफ से पर्चे आए हैं।
--------
शुक्रवार को नमाज के बाद रवाना होगा जत्था
शुक्रवार को नमाज के बाद गांधी मैदान से आजमीन का जत्था कोलकाता रवाना होगा। कोलकाता से शहर के आजमीन-ए-हज तीन और पांच अगस्त को उड़ान भरेंगे। शुक्रवार को शहर से 19 आजमीन कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इन्हें इत्तेहादुल मुसलेमीन के कार्यक्रम में विदा किया जाएगा।