सादगी से मना गुरु अर्जुन देव जी का शहादत दिवस
गुरुद्वारा में करोना वायरस पूरे विश्व से खत्म होने को लेकर गुरु महाराज के सामने अरदास हुई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : सिखों के पांचवें गुरु, अर्जुन देव जी के शहादत दिवस को सीतारामडेरा, जुगसलाई साकची, कीताडीह, मानगो, सोनारी, टुइलाडुंगरी सहित अन्य गुरुद्वारों में समर्पित अखंड पाठ की समाप्ति मंगलवार की सुबह हुई। इसके उपरांत गुरुद्वारा साहिब गुरुद्वारों में अरदास हुई। जबकि सीतारामडेरा गुरुद्वारा में करोना वायरस पूरे विश्व से खत्म होने को लेकर गुरु महाराज के सामने अरदास हुई। फिर राहगीरों के बीच चना शरबत का प्रसाद की सेवा की गई। सिख इतिहास में यह पहला मौका है जब गुरुद्वारा एवं सिख संस्थाओं द्वारा छबील लगाकर मीठे ठंडे जल की छबील का सार्वजनिक तौर पर वितरण नहीं किया।
सीतारामडेरा गुरुद्वारा : गुरुद्वारा परिसर में दूरी बनाकर चना और ठंडे शरबत की सेवा संगत के बीच की गई। गुरुद्वारा साहिब सीतारामडेरा के सभी सेवादारों ने पूरे सीतारामडेरा के घर-घर जाकर चना और ठंडा शरबत बांटा। शरबत लोगों के बीच वितरण किया । सेवा करने वालों में गुरुद्वारा प्रधान बलवीर सिंह, नरेंद्र सिंह गोल्डी, सुरजीत सिंह, अविनाश सिंह, गुरपाल सिंह रिकू, अमरजीत सिंह, सरबजीत सिंह आदि शामिल थे।
साकची गुरुद्वारा : साकची गुरुद्वारा परिसर में शारीरिक दूरी का ख्याल रखते हुए शरबत व चना प्रसाद का वितरण संगत के बीच किया गया। इस मौके पर प्रधान हरविदर सिंह मंटू, गुरदेव सिंह राजा ,अजीत सिंह गंभीर, सुखविदर सिंह राजू ,दलवीर सिंह आदि उपस्थित थे।
सेंट्रल सिख नौजवान सभा : सेंट्रल सिख नौजवान सभा के पूर्व पदाधिकारियों द्वारा मानगो, साकची, गोलमुरी, टेल्को सहित अन्य स्थानों पर जिला प्रशासन व आम लोगों के बीच ठंडा ग्लूकोस व पैकेट बंद पेयजल का वितरण किया गया, साथ ही सभा के सदस्यों द्वारा ब्लड बैंक जाकर रक्त दान भी किया। इस मौके पर चंचल भाटिया, इंदरजीत सिंह, दमनप्रीत सिंह, हरविदर सिंह, जगजीत सिंह, सहित अन्य उपिस्थत थे।
जुगसलाई में शरबत की सेवा : जुगसलाई निवासी जगदीप सिंह भाटिया और अमरदीप सिंह भाटिया के परिवार द्वारा जुगसलाई सुरती चौक शारीरिक दूरी का पालन करते हुए राहगीरों के बीच चना व शरबत का वितरण किया। इस मौके पर रणदीप सिंह भाटिया, मनदीप सिंह भाटिया, कीरत दीप सिंह भाटिया, करण दीप सिंह भाटिया, गगन दीप सिंह भाटिया, रमन भाटिया ने सेवा की
रामदास भट्टा गुरुद्वारा : बिष्टुपुर स्थित रामदास भट्टा गुरुद्वारा परिसर में राहगिरों के बीच चना व शरबत की सेवा की गई। इस मौके पर प्रधान बलवीर सिंह बल्ली, सतनाम सिंह, गुरशरण सिंह ,मनमीत सिंह एवं स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं उपस्थित थी।
घरों में सादगी से मनाया शहीदी दिवस : सिखों के पांचवें गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस सादगी के साथ सिखों ने अपने घरों में पाठ व अरदास कर मनाया। 40 दिन से चले आ रहे सुखमणि साहिब के पाठ की लड़ी का भोग डाला गया। भोग के उपरांत सभी के भले के लिए अरदास की गई। जिसके उपरांत घरों में ही चना शरबत के साथ कड़ा प्रसाद का वितरण किया गया। लॉकडाउन के दौरान जब गुरुद्वारों में श्री सुखमणि साहब के सामूहिक पाठ नहीं हुए तो घरों में बैठकर महिलाओं ने 40 दिन की पाठ की लड़ी चलाई। बारीडीह गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान अमरजीत सिंह भंवरा की धर्मपत्नी एवं स्त्री सत्संग सभा की पूर्व प्रधान अमरजीत कौर के घर में भी सुखमणि साहब की लड़ी का पाठ संपूर्ण हुआ और भोग डाला गया। अमरजीत सिंह के दो भतीजे काका गुरकीरत सिंह काका जसबीर सिंह के द्वारा कीर्तन दरबार भी सजाया गया। कीर्तन के उपरांत अरदास हुई और चना शरबत एवं कड़ा प्रसाद का वितरण किया गया। सिख इतिहास में संभवत यह पहला मौका है जब गुरुद्वारा एवं सिख संस्थाओं के द्वारा मीठे ठंडे जल की छबील का सार्वजनिक तौर पर वितरण नहीं हुआ है।