गुंजन सिंह का नया एलबम 'पलंगिया देबो हिला हिला...' मचाएगा धमाल, बोले- मल्टीप्लेक्स स्तर की फिल्में बनाना जरूरी
भोजपुरी अभिनेता-गायक गुंजन सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा को अपनी पहचान बनाए रखने के लिए मल्टीप्लेक्स स्तर की गुणवत्तापूर्ण फिल्में बनानी होंगी।

भोजपुरी के लोकप्रिय अभिनेता और गायक गुंजन सिंह।
HighLights
भोजपुरी सिनेमा को मल्टीप्लेक्स स्तर की गुणवत्ता अपनानी होगी।
गुंजन सिंह का नया एल्बम 'पलंगिया देबो हिला हिला...' जल्द आएगा।
मगही संस्कृति और भाषा के उत्थान पर विशेष जोर।
संजीव कुमार, जमशेदपुर। यदि भोजपुरी सिनेमा को अपनी पहचान और दर्शक वर्ग बचाए रखना है, तो इसे मल्टीप्लेक्स स्तर की गुणवत्तापूर्ण फिल्मों की ओर कदम बढ़ाना होगा।
यह दो टूक बात भोजपुरी के लोकप्रिय अभिनेता और गायक गुंजन सिंह ने मंगलवार को दैनिक जागरण से खास बातचीत में कही।
जमशेदपुर पहुंचे गुंजन सिंह ने स्पष्ट किया कि सिंगल स्क्रीन थिएटरों का दौर अब तेजी से सिमट रहा है और दर्शक मल्टीप्लेक्स की ओर रुख कर चुके हैं।
ऐसे में सतही कहानियों के बजाय मजबूत पटकथा और उम्दा निर्माण तकनीक अपनाना ही उद्योग के अस्तित्व की पहली शर्त है।
कंटेंट में दम हो तो बजट आड़े नहीं आता
गुंजन सिंह ने कहा कि मल्टीप्लेक्स में दर्शकों को खींचने के लिए सिनेमा को पारिवारिक और सुरुचिपूर्ण बनाना होगा। उन्होंने कम बजट की चर्चित फिल्म हनुमान अंश का हवाला देते हुए समझाया कि सफलता बड़े बजट की मोहताज नहीं होती, बल्कि कंटेंट की ताकत से तय होती है।
यदि कहानी में नयापन और मिट्टी से जुड़ाव है, तो कम लागत की फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच सकती हैं। भोजपुरी निर्माताओं को अब रूढ़िवादिता छोड़कर विविधतापूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
इंडस्ट्री एक परिवार, दर्शक ही असली मालिक
सिनेमाई गलियारों में खेमेबाजी और गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी इंडस्ट्री एक परिवार है। यहां कोई गुटबाजी नहीं है, बल्कि सभी कलाकार अपनी मेहनत से मुकाम बनाते हैं।
लोकतंत्र की तरह सिनेमा में भी जनता ही सर्वोच्च है और दर्शक ही असली मालिक हैं। डिजिटल युग और रील्स के प्रभाव पर उन्होंने माना कि इंटरनेट मीडिया पर व्यूज की होड़ में कभी-कभी गुणवत्ता पीछे छूट जाती है, लेकिन एक सच्चे कलाकार का दायित्व हमेशा कालजयी और मर्यादित मनोरंजन पेश करना होना चाहिए।
पलंगिया देबो हिला हिला... से मचेगा धमाल
अपनी आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि उनका नया मनोरंजक एल्बम 'पलंगिया देबो हिला हिला...' पूरी तरह तैयार है, जो जल्द ही दर्शकों के बीच आएगा।
इसके साथ ही वे कुछ प्रमुख ओटीटी वेब सीरीज और फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं। उन्होंने दोहराया कि मगही और भोजपुरी लोकसंस्कृति का मान बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बिहार और मगही भाषा के उत्थान पर उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा मगही संस्कृति को आगे बढ़ाने का बीड़ा उठाया है और आगे भी इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे संकल्पबद्ध हैं।
संघर्ष से तय किया सफलता का सफर
बिहार के नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के भगवानपुर गांव के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे गुंजन सिंह आज मगही और भोजपुरी मनोरंजन जगत के शीर्ष चेहरों में शामिल हैं।
गांव से निकलकर संगीत और सिनेमा की दुनिया में स्थापित होने का उनका सफर कड़े संघर्ष की मिसाल है। वर्ष 2013-14 में पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति संगीत से अपने गायन करियर की शुरुआत करने वाले गुंजन सिंह ने मगही बोली के गीतों को डिजिटल माध्यमों के जरिए वैश्विक पहचान दिलाई।
उनके ठेठ देसी अंदाज ने उन्हें युवाओं का चहेता बना दिया। गायकी में अपार लोकप्रियता हासिल करने के बाद उन्होंने फिल्म 'नसीब' से बतौर मुख्य नायक भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा।
इसके बाद 'खुद्दार' और 'उड़ान' जैसी चर्चित फिल्मों में सहज अभिनय कर बड़े पर्दे पर भी अपनी क्षमता साबित की। कला जगत के साथ-साथ वे सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं।
इसी जनसरोकारी छवि के बूते उन्होंने वर्ष 2024 के आम चुनाव में नवादा लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरकर मजबूत जनसमर्थन हासिल किया और अपनी राजनीतिक धमक भी दर्ज कराई।