Move to Jagran APP

मुख्‍यमंत्री को मात देने वाले सरयू बोले, पूरे राज्य में मालिकाना के लिए कानून बनाए सरकार Jamshedpur News

जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव जीतने के बाद सरयू राय ने टाउन हॉल में जनता का आभार किया और इस मौके पर कहा कि सरकार पूरे राज्य में मालिकाना के लिए कानून बनाए।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Tue, 31 Dec 2019 10:05 AM (IST)Updated: Tue, 31 Dec 2019 03:32 PM (IST)
मुख्‍यमंत्री को मात देने वाले सरयू बोले, पूरे राज्य में मालिकाना के लिए कानून बनाए सरकार Jamshedpur News
मुख्‍यमंत्री को मात देने वाले सरयू बोले, पूरे राज्य में मालिकाना के लिए कानून बनाए सरकार Jamshedpur News

जमशेदपुर, जासं। 86 बस्ती जमशेदपुर पूर्वी की जनता के लिए बड़ी चुनौती है। मैं राज्य में बनी नई सरकार को रास्ता बताऊंगा कि कैसे मालिकाना हक दिया जा सकता है। सिदगोड़ा टाउन हॉल में जमशेदपुर पूर्वी के नवनिर्वाचित विधायक सरयू राय द्वारा आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसे  संबोधित करते हुए सरयू राय ने ये बातें कहीं।

loksabha election banner

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बहुत ही सुलझे हुए और अच्छे इंसान हैैं। इसलिए मैं उनसे आग्रह करता हूं कि पूरे राज्य के लिए एक कानून बनाएं। उसके लिए एक तारीख तय हो कि इस तारीख से पहले जो लोग सरकारी जमीन पर बसे हैं उन्हें मालिकाना हक दिया जाए। इसे न सिर्फ जमशेदपुर में बल्कि पूरे झारखंड में लागू किया जाए। सरयू राय ने कहा कि जब केंद्र सरकार दिल्ली के लिए मालिकाना हक का कानून बना सकती है तो ऐसा काम राज्य सरकार भी कर सकती है। संविधान के मुताबिक यह गैर कानूनी नहीं है। सरयू राय ने अपने इस संबोधन से जमशेदपुर पूर्वी सहित पूरे राज्य की जनता को मालिकाना हक दिलाने की आस बंधा दी है। इस मौके पर सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्वी के वैसे संगठनों के प्रतिनिधियों,  जिन्होंने चुनाव में उनका साथ दिया, को मंच पर बुलाकर माला पहना उनका आभार व्यक्त किया। 

मेरी नहीं जनता के पुरुषार्थ की जीत

विधायक सरयू राय ने अपने संबोधन में माना कि यह जीत उनकी नहीं बल्कि जमशेदपुर पूर्वी की जनता की है। यहां की जनता बहुत दिनों से परिवर्तन चाहती थी। उन्हें जो विकल्प मिले, उसे जनता ने स्वीकार नहीं किया। इसलिए परिवर्तन की इच्छा का ऐसा संयोग बना कि वह इतिहास बन गया। आज इसकी चर्चा देश भर में है। उन्होंने कहा कि यह जमशेदपुर पूर्वी की जनता का पुरुषार्थ है कि उन्हें जीत मिली और शायद ही ऐसा कोई चुनाव हो जहां जनता अंतर्मन से खुद चुनाव लड़ी हो। इसलिए मेरे लिए कोई स्टार प्रचारक नहीं आया क्योंकि मेरा चुनाव खुद जनता लड़ रही थी। 

बंद कंपनी खोलने पर होगा विचार

सरयू ने कहा कि यहां बंद पड़ी इंकैब और टायो कंपनी को फिर से खोलने पर बात की जाएगी। जो कंपनी पलायन कर चुकी है उनसे भी बात की जाएगी कि आखिर उनकी समस्या क्या थी जो वे यहां से खडग़पुर चले गए। उन्होंने कहा कि हम प्रजातांत्रिक ढ़ंग से स्वस्थ वातावरण तैयार करने का प्रयास करेंगे।

नोटिफाइड संस्था गैर कानूनी, जनता को मिले तीसरे मत का अधिकार 

 सरयू ने कहा कि यहां संचालित जितने भी नोटिफाइड संस्था (जेएनएसी व एमएनएसी) है सभी गैर कानूनी है। इसकी जगह यहां नगर निगम बने। मानगो में वे यह पहल कर चुके हैं लेकिन अभी तक वहां चुनाव नहीं हुआ है। वे नए नगर विकास मंत्री से बात करेंगे कि जो क्षेत्र इंडस्ट्रियल टाउन के लिए चाहिए, उन्हें देकर शेष क्षेत्र के लिए नगर निगम बनाया जाए ताकि यहां की जनता को तीसरे मत का अधिकार मिल सके। 

हेमंत सरकार ने भी गलत किया तो विरोध करूंगा

सरयू ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कह दिया है कि मैं निर्दलीय विधायक बन कर खुश हूं। मैं मुख्यमंत्री सहित झामुमो से अपील करता हूं कि अपनी आंखें खोले। झामुमो पहले 15-16 सीट तक सिमट कर रह जाती थी लेकिन अब वह बढ़कर 30 तक पहुंच चुकी है। झारखंड में रहने वाला हर व्यक्ति झारखंडी है इसलिए उसी दिशा में पहल करते हुए काम करें। यदि सरकार ने गलत किया तो मैं खुद उसका विरोध करने के लिए खड़ा रहूंगा लेकिन झुकूंगा नहीं।

षडयंत्र रचने वाले के खिलाफ जीती जंग

सरयू ने बताया कि वे 1962 से आरएसएस से जुड़े हुए हैं। कभी भी संघ से कोई उम्मीद नहीं कि। कभी किसी से ऊंची आवाज में बात नहीं की। यदि मुझे टिकट नहीं देना था तो बता देते, मैं सहर्ष स्वीकार कर लेता। लेकिन पहली से अंतिम सूची तक मुझे स्टैंड बाई में रखकर अपमानित करने की कोशिश की गई। इसलिए मेरे खिलाफ जिसने षडयंत्र रचा, उसके खिलाफ ही चुनाव लड़ा और जंग जीत ली। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को भी चेता दिया है कि अब ऊंचे पदों पर बैठने वालों का आदेश को कानून की तरह मानने की प्रक्रिया नहीं चलेगी। जो संविधान सम्मत है उसका अनुपालन करें। जनता के मन का काम होना चाहिए। मैं भ्रष्टाचार, अत्याचार या किसी व्यक्ति का आतंक चलने नहीं दूंगा। जनता मेरे पीछे रहे मैं ऐसे काम होने नहीं दूंगा जो गलत होगा। क्योंकि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। 

जनता की मन्नत हुई पूरी, अब चुकाने की बारी

सरयू राय ने कहा कि उनके बहुत से समर्थकों ने उनकी जीत के लिए मन्नत मांगी है। इसलिए वे जनता से छह माह की छुट्टी लेकर तिरूपति बालाजी, खाटू सालेसर, वैष्णवी देवी सहित जहां भी उनके समर्थकों ने मन्नत मांगी है, वहां जाऊंगा। सरयू ने बताया कि वे रांची स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर और विध्यांचल मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। भाजपा ने जिन कार्यकर्ताओं को किया निष्कासित, सरयू ने उनका जताया आभार 

बीते विधानसभा चुनाव में सरयू राय का समर्थन करने पर भारतीय जनता पार्टी ने एक दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। कार्यक्रम के दौरान सरयू राय ने ऐसे सभी निष्कासित कार्यकर्ताओं को समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त किया। इनमें सुबोध श्रीवास्तव, रामनारायण शर्मा, असीम पाठक, मुकुल मिश्रा, अजीत सिंह, रजनीकांत सिन्हा, हरेराम सिंह, रतन महतो व डीडी त्रिपाठी सहित अन्य शामिल थे। 

चुनाव में समर्थन पर सरयू ने इन संस्थाओं का किया आभार 

मुखी समाज, पटेल क्लब विद्यापति नगर, विकास समिति, बंगाली समाज, लोहढ़ा समाज, अटल बिहारी सेवा संस्थान नागाडुंगरी, हरिजन समाज, उरांव समाज, रवि समाज, कायस्थ समाज, क्षत्रिय समाज, क्षत्रिय समाज, झारखंड क्षत्रिय महिला मंच, चंद्रवंशी समाज, ब्रहमाषि महिला मंच, जायसवाल महिला मंच, टेल्को राम मंदिर महिला मंच, बारीडीह हाई स्कूल एलुमनी संघ, झारखंड माइनोरिटी शिक्षक संघ, जैप 6, नया सवेरा श्री श्याम संवारे, कुडमी समाज, मिथिला मैथिल संघ, तेलगु समाज, झारखंड आंदोलनकारी मंच, जायसवाल समाज महिला मंडल, पुरोहित समाज, जन जागरण समिति, शाहदाब एकता संघ, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, झारखंड युवा प्रतिनिधि मंडल, सिद्वू-कान्हू सिंदूरिया समाज, टिस्को निबंधित कर्मचारी संघ, जन वितरण प्रणाली बारीडीह, सिख यूथ बिग्रेड से सतनाम सिंह व कुलविंदर सिंह पन्नू, गोलमुरी ब्राह्मण समाज, भूमिहर समाज गोलमुरी, राजपूत समाज गोलमुरी, यादव समाज गोलमुरी, बंगाली समाज गोलमुरी, ठाकुर समाज गोलमुरी, विश्वकर्मा समाज, पासवान समाज, गोलमुरी मस्जिद कमेटी, टिनप्लेट मस्जिद कमेटी, इवनिंग क्लब, रंगरेटा विकास मंच, लोहार समिति बिरसानगर, गौंड समाज, हिन्दू उत्सव समिति, हिन्दुस्तानी संघ, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, वरिष्ठ नागरिक संघ सहित अन्य। 

टेल्को से बर्खास्त कर्मचारियों का भी हुआ सम्मान

कार्यक्रम में सरयू राय ने टाटा मोटर्स से बर्खास्त किए गए टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष आकाश दुबे सहित अन्य को भी सम्मानित किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.