जमशेदपुर में खरकई नदी के पुल से किशोरी ने लगाई छलांग, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने बचाई जान
आदित्यपुर में खरकई नदी के पुल से एक किशोरी ने छलांग लगा दी, जिसे स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने मिलकर बचाया। पुलिस किशोरी से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।

आदित्यपुर क्षेत्र स्थित खरकई नदी के छोटे पुल पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक किशोरी ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी।
HighLights
किशोरी ने आदित्यपुर में खरकई नदी के पुल से छलांग लगाई।
स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने मिलकर किशोरी को बचाया।
पुलिस घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
संसू, आदित्यपुर । आदित्यपुर क्षेत्र स्थित खरकई नदी के छोटे पुल पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी।
इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया, लेकिन आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और बचाव के प्रयास शुरू कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छलांग लगाने के बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए किशोरी को नदी में पुल के पिलर के सहारे सुरक्षित थामे रखा, ताकि वह तेज बहाव में आगे न बह सके।
इसी बीच घटना की सूचना गोताखोरों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी तेज था। ऐसे हालात में बचाव अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण रहा।
स्थानीय नागरिकों के सहयोग और गोताखोरों की मशक्कत के बाद किशोरी को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान पुल और नदी किनारे लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई थी।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रेस्क्यू के बाद पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस किशोरी से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि किशोरी ने नदी में छलांग क्यों लगाई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।