Move to Jagran APP

सहेली की चाहत में दीवानी हुई युवती ने उसे पाने को रच डाला षडयंत्र

दो लड़कियों के उलझे रिश्ते की वह घटना जो थाने तक आ पहुंची और जिसमें से एक लड़की अब जेल की सलाखों के पीछे है।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Wed, 27 Mar 2019 09:19 AM (IST)Updated: Wed, 27 Mar 2019 12:52 PM (IST)
सहेली की चाहत में दीवानी हुई युवती ने उसे पाने को रच डाला षडयंत्र

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। वो उसके लिए सहेली थी...साथी थी...और शायद इससे भी कुछ 'अधिक' थी। इस 'अधिक' की परिभाषा सिर्फ वो जानती है और उसकी सहेली। हम दोनों को सहेली ही कहेंगे, भले दुनिया वाले दोनों के रिश्ते को कभी समलैंगिक की संज्ञा दे रहे हों तो कभी दो सहेलियों के बीच की ईष्र्या। अंदर की बात जो भी हो, लेकिन अजीब से रिश्ते की यह उलझन अब पुलिस थाने तक जा पहुंची है। 

loksabha election banner

आप सोच रहे होंगे कि हम किस उलझे रिश्ते...किन आरोपों की बात कर रहे। तो आइए बताते हैं आपको दो लड़कियों के उलझे रिश्ते की वह घटना जो मंगलवार को थाने तक आ पहुंची और जिसमें से एक लड़की अब जेल की सलाखों के पीछे है। उसपर अपनी उसी सहेली की शादी तोडऩे की साजिश करने, सहेली के पति को धमकाने, अश्लील फोटो भेजने जैसे संगीन आरोप लगे हैं। ऐसा कैसे हुआ? दोनों लड़कियां तो सहेली थीं, फिर...?

नर्सिंग होम में साथ करती थी काम
कहानी शुरू से शुरू करते हैं। सोनारी इलाके में दो लड़कियां एक साथ रहती थीं। दोनों साथ में एक नर्सिंग होम में नर्स का काम करतीं थीं। दोनों सहेलियों के काल्पनिक नाम से मामले को समझिए। एक का नाम प्रियंका मान लीजिए और दूसरी का नाम मौनी। प्रियंका का घर सोनारी में है। मौनी भी उसी के साथ उसके घर में रहने लगी। वो प्रियंका की सहेली है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से किसी दूर के गांव से नौकरी करने जमशेदपुर आती है। प्रियंका ने सोचा कि सहेली गरीब है, साथ में अपने घर में रख लेती हूं। सो, दोनों रहने लगीं। इस दौरान दोनों एक दूसरे के काफी करीब आईं। इतना कि सब काम एक साथ करने लगीं।

प्रियंका की शादी नहीं आई रास
इसी बीच, प्रियंका की शादी तय हो गई। यहां से कहानी में ट्विस्ट आना शुरू हुआ। प्रियंका की शादी तय होना मौनी को बिल्कुल रास न आया। उसने उसकी शादी तोडऩे की कोशिश शुरू कर दी। क्यों? ये पुलिस जांच में सामने आएगा, लेकिन मंगलवार को एसएसपी ऑफिस के बाहर चर्चा यही होती रही कि जरूर मामला समलैंगिकता का होगा...। हालांकि कुछ लोगों ने इस थ्योरी को गलत भी बताया और कहा कि मामला सहेली से ईष्र्या का है। बहरहाल, प्रियंका की शादी हो गई। 

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
अब आगे कहानी पुलिस की जुबानी। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि अक्टूबर 2018 में सिदगोड़ा थाना में बागुननगर निवासी (काल्पनिक नाम) संजीत डिकॉस्टा (प्रियंका के पति) के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। उस समय सिदगोड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ सम्मान को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया। एसएसपी ने जांच में आए तथ्यों के आधार पर बताया-'चूंकि आरोपित (मौनी) की सहेली (प्रियंका) की शादी संजीत के साथ तय हो गई थी, इसलिए वह (मौनी) अपनी सहेली प्रियंका की शादी तय होने के बाद उससे बिछुडऩे के डर से शादी तुड़वाने के लिए तरह-तरह के प्रपंच रचने लगी।

पादरी को बताई अवैध संबंध की बात
वह इंटरनेट व जीमेल के माध्यम से प्रियंका के होने वाले पति पर गंदे-गंदे आरोप लगाने लगी। यही नहीं, जब उसकी कोशिश बेकार साबित हुई तो शादी के समय मौनी ने पादरी को फोन कर बताया कि प्रियंका के होने वाले पति संजीत से उसका (मौनी का) अवैध संबंध है। इतना प्रपंच करने के बाद भी जब संजीत व प्रियंका की शादी नहीं रुकी तो मौनी ने दिन-रात फोन कर अश्लील फोटो, गाली गलौज, पैसे की मांग करना शुरू कर दी। संजीत-प्रियंका को समझ में ही नहीं आ रहा था कि धमकी देने वाली कौन और कहां की है। क्योंकि वह इंटरनेट के माध्यम से फोन व मेल करती थी। 

अमेरिकी पुलिस के सहयोग से आरोपित युवती का चला पता : एसएसपी
एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि सिदगोड़ा थाना से यह मामला साइबर थाने में पहुंच गया। इस मामले की जानकारी होते ही पुलिस तकनीकि माध्यम से उक्त फोन नंबर का पता करने में लगी रही, लेकिन पता नहीं चल पाया। चूंकि आरोपित जीमेल या इंटरनेट कॉल का उपयोग कर रही थी। इससे पुलिस और परेशान थी। एसएसपी ने बताया कि अंत में यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के वाशिंगटन की पुलिस से संपर्क किया गया। वाशिंंगटन पुलिस की मदद से जीमेल कंपनी को मेल के माध्यम से अज्ञात नंबर से फोन करने वाले का नाम, पता व लोकेशन मांगा गया। मेल भेजने के बाद 15 दिनों के बाद पुलिस को पूरा नाम पता व लोकेशन मिल गया।  नाम-पता चलते ही पुलिस ने आरोपित मौनी बोस को गिरफ्तार कर लिया गया। 

प्रियंका से जुदा होना बर्दाश्त नहीं हुआ
प्रियंका की शादी जब संजीत से हो गई तो प्रियंका व मौनी के बीच अलगाव हो गया। अलगाव को मौनी बोस बर्दाश्त नहीं कर पायी और वह नाराज हो गयी। शादी तुड़वाने के लिए जीमेल से मेल व इंटरनेट से कॉल करती थी। गंदी-गंदी बातें बोलने के बाद वह ब्लैकमेल भी करने लगी। 

पुलिस ने मौनी को भेज दिया जेल
जमशेदपुर साइबर पुलिस ने इंटरनेट के माध्यम से अपनी सहेली प्रियंका मिंज को परेशान करने वाली सोनारी निवासी आरोपित युवती मौनी बोस को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.