चमकदार स्टाल पर बिक रहा था एक्सपायरी शेक और फालुदा, घाटशिला में फूड सेफ्टी टीम ने लिया एक्शन
घाटशिला में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बॉम्बे चपाती स्टॉल को बंद करा दिया।

बांबे चपाती स्टाल सील। (जागरण)
HighLights
खाद्य सुरक्षा विभाग ने घाटशिला के बॉम्बे चपाती स्टॉल को बंद कराया।
जांच में स्टॉल पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री और बिना लाइसेंस मिला।
टीम ने संचालक को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। घाटशिला में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीच बाजार स्थित बांबे चपाती स्टाल को बंद करा दिया।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए स्टाल को बाहर से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों के बीच यहां फालुदा, बदाम शेक, काजू शेक, राबड़ी फालुदा, कुल्फी और आइसक्रीम समेत कई तरह के खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे थे।
दूर से देखने पर स्टाल काफी आकर्षक नजर आ रहा था, लेकिन जांच के दौरान इसकी दूसरी तस्वीर सामने आई। चार सदस्यीय फूड इंस्पेक्टरों की टीम ने जब स्टाल की जांच की तो संचालक के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन नहीं मिला।
मिली एक्सपायरी खाद्य सामग्री
जांच के दौरान टीम को कुछ एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली। आरोप है कि इसी सामग्री का इस्तेमाल ग्राहकों को खाद्य पदार्थ परोसने में किया जा रहा था।
इसे गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल स्टाल को बंद करने का निर्देश दिया। स्टाल पर फालुदा और विभिन्न प्रकार के शेक के अलावा अमेरिकन ड्राई, चाकलेट, वनीला, बटर स्काच, शाही गुलाब, मावा कुल्फी और ड्राई फ्रूट कुल्फी जैसे आइटम भी उपलब्ध थे।
टीम ने संचालक को नोटिस जारी किया है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में फूड इंस्पेक्टर राजहंस कुमार, मासूम अंसारी, अविनाश किस्कु और मुन्ना कुमार शामिल थे। इसके अलावा टीम ने घाटशिला स्थित रिलायंस मार्ट और विशाल मेगा मार्ट की भी जांच की।
