घाघीडीह सेंट्रल जेल में देर रात तीन घंटे तक छापेमारी, गुटका-खैनी और सिगरेट लेकर निकले जवान, बंदियों में मचा हड़कंप
पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में तीन घंटे तक सघन छापेमारी की। इस दौरान गुटका, खैनी और सिगरेट जैसे प्रतिबंधित सामान बरामद हुए।

घाघीडीह सेंट्रल जेल में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार रात आठ बजे से रात 11 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया।
HighLights
तीन घंटे चले अभियान में गुटका, खैनी, सिगरेट जैसे सामान बरामद।
जेल की आंतरिक सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का औचक निरीक्षण हुआ।
जासं, जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार रात आठ बजे से रात 11 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल के बंदियों में हड़कंप मच गया, वहीं जेलकर्मी भी औचक निरीक्षण को लेकर परेशान नजर आए। सुरक्षाबलों ने करीब तीन घंटे तक जेल के हर वार्ड और सेल की बारीकी से तलाशी ली।
अभियान के दौरान सेल और वार्डों में बंद शहर के कुख्यात अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। हालांकि, इस छापेमारी में गुटका, खैनी, सिगरेट और माचिस के अलावा कोई अन्य संदेहास्पद या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में जिला उपायुक्त, एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीओ और 12 मजिस्ट्रेट के साथ करीब 115 जवान तथा 50 पुलिस अधिकारी शामिल थे। टीम ने पूरे कारा परिसर में सुरक्षा मानकों और गतिविधियों की गहन पड़ताल की।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लेना था।
साथ ही कारा के भीतर किसी भी तरह की अवैध और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना इसका प्रमुख लक्ष्य रहा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थलों की सघन जांच की गई। बंदियों के निजी सामान और उपयोग की वस्तुओं की भी तलाशी ली गई।
इसके अलावा जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया तथा निगरानी तंत्र की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा और निगरानी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि घाघीडीह सेंट्रल जेल में कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कई बड़े अपराधी व नक्सली बंद हैं।
जिनके माध्यम से जेल के भीतर से नेटवर्क या अपराध संचालित होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं।