संस, सरायकेला-खरसावां। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक महिला के साथ ड्यूटी पर तैनात सिपाही द्वारा दुष्कर्म किए जाने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही, ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
थाने में रुकने के दौरान हुई हैवानियत
गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुग्धा गांव की रहने वाली पीड़िता गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी।
देर रात होने और पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने के खौफ को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित थाने में ही रुकने की सलाह दी थी।
आरोप है कि देर रात जब ड्यूटी पर सिपाही नीरज लकड़ा तैनात था, तो वह महिला को थाने के भीतर स्थित एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
कमरा सील, एसआइटी कर रही जांच
इस जघन्य मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है।
एसडीपीओ ने पुलिस बल के साथ थाने पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया तथा सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित कमरे को सील कर दिया है।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस मामले की गहन वैज्ञानिक और तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।