Gamharia Thana Rape Case: गम्हरिया दुष्कर्म कांड में बड़ी कार्रवाई, 15 पुलिसकर्मी नप चुके हैं; ओडी अफसर गिरफ्तार
गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म मामले में पुलिस महकमे पर कड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्य आरोपी समेत तीन पुलिसकर्मी ...और पढ़ें

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के सख्त आदेश के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
HighLights
गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का गंभीर मामला।
मुख्य आरोपी समेत तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार, 15 निलंबित।
एसपी ने दिए सख्त निर्देश, नए थानेदार की नियुक्ति।
जासं, जमशेदपुर । सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक असहाय महिला के साथ हुए दुष्कर्म के संगीन मामले में पुलिस महकमे पर कड़ा चाबुक चला है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के सख्त आदेश के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जबकि लापरवाही बरतने वाले 15 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ओडी (ड्यूटी) अफसर पुअनि मनोज कुमार साहू और मुंशी सह आरक्षी संतोष कुमार राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इससे पहले मुख्य आरोपी सिपाही सह वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को भी सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
इसके साथ ही, कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों से इस गंभीर वारदात को छिपाने के आरोप में रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
इस प्रकार, तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत अब तक कुल 15 पुलिसकर्मी इस प्रकरण में नप चुके हैं। रविवार को निलंबित किए गए नौ पुलिसकर्मियों में पुअनि अजय पासवान, पुअनि ललन रविदास, सअनि विशु उरांव, सअनि मुकेश कुजूर, सअनि मुकेश रविदास, सअनि सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पिताम्बर महतो, हवलदार बहादुर हांसदा और आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं।
इससे पूर्व शनिवार को तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रसाद, पुअनि अनिरुद्ध सिंह, पुअनि मनोज साहू, आरक्षी संतोष राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा को सस्पेंड किया गया था।
ड्यूटी पर थे 8 जवान, एक भी महिला सिपाही नहीं थी मौजूद
विभागीय जांच में एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर तथ्य सामने आया है। वारदात की रात थाने में तीन अवर व सहायक अवर निरीक्षक, दो सिपाही और तीन हवलदार यानी कुल 8 जवान तैनात थे।
इतने बड़े अमले के बावजूद थाने में एक भी महिला सिपाही मौजूद नहीं थी, जो स्पष्ट रूप से पुलिस नियमावली का खुला उल्लंघन है।
थाने के भीतर पीड़िता की गुहार पर पूरी तरह संवेदनहीन बने रहने और मामले को दबाने की कोशिश करने के आरोप में ड्यूटी पर मौजूद पूरी टीम पर गाज गिरी है।
राजेश टुडू बने नए थाना प्रभारी, एसपी की सख्त चेतावनी
दागदार हो चुकी थाने की साख बचाने और जनता का भरोसा बहाल करने के लिए एसपी ने इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया का नया थानेदार नियुक्त किया है।
रविवार को पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून का राज कायम करना, पुलिस पर जनता का विश्वास लौटाना और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उधर, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने गम्हरिया थाना पहुंचकर मौका-ए-वारदात की पड़ताल की और पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने का सख्त निर्देश दिया है।
एसपी ने चेतावनी दी है कि थाने में किसी भी महिला फरियादी को रात में अनावश्यक न बैठाया जाए और ड्यूटी के दौरान नशे में धुत मिलने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को सीधे सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
बीते गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे 20 वर्षीय पीड़िता अपने पति से हुए विवाद की शिकायत लिखाने गम्हरिया थाने पहुंची थी।
आरोप है कि थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा उसे मदद का झांसा देकर परिसर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता गिड़गिड़ाती रही, लेकिन थाने में मौजूद अन्य कर्मियों ने उसे बचाने की कोई जहमत नहीं उठाई। बाद में पीड़िता द्वारा उच्चाधिकारियों से संपर्क करने पर मामले का खुलासा हुआ।
पीड़िता का सरायकेला सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया है, और एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों की गंभीरता से जांच कर रही है।