विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गम्हरिया में दिनदहाड़े मर्डर: बोलायडीह शीतला मंदिर के पास युवक की चापड़ से काटकर हत्या

Published: Sat, 18 Jul 2026 08:13 PM (IST)

सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया में बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के पास 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप की दिनदहाड़े चापड़ से काटकर हत्या कर दी गई।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. दिनदहाड़े चापड़ से वार कर अपराधियों ने की वारदात।

  2. पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।

संवाद सहयोगी, गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत बोलायडीह में शनिवार दोपहर एक बजे दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 
 
यहां शीतला मंदिर के समीप अपराधियों ने 27 वर्षीय युवक जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की चापड़ से वार कर दिनदहाड़े हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।
 

मूकदर्शक बने रहे लोग, वारदात के बाद भाग निकले अपराधी

चश्मदीदों के अनुसार, चार से पांच की संख्या में आए अपराधियों ने अचानक जगन्नाथ पर हमला बोल दिया। जिस समय यह वारदात हुई, वहां कई लोग मौजूद थे। 
 
लेकिन, अपराधियों के खौफ और उनके हाथों में चमकते हथियारों को देखकर कोई भी आगे नहीं आया और लोग मूकदर्शक बने रहे। जगन्नाथ को मौत के घाट उतारने के बाद सभी हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से फरार हो गए।
 

अनाथ हो गए मासूम बच्चे, 2 साल पहले मां को भी खोया था

इस हत्याकांड ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक जगन्नाथ गोप शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। 
 
करीब दो साल पहले ही जगन्नाथ की पत्नी पार्वती गोप का निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद वही दोनों बच्चों का एकमात्र सहारा था। 
 
अब पिता का साया भी सिर से उठ जाने के कारण दोनों मासूम बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे हैं CCTV फुटेज

वारदात की सूचना मिलते ही गम्हरिया और आदित्यपुर थाने की पुलिस बल के साथ एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। 
 
पुलिस हत्यारों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।