विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में लैम्पस के बकायेदारों पर दर्ज होगी FIR, 650 बकाएदारों पर है 4.50 करोड़ बकाया

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:40 PM (IST)

गम्हरिया लैम्पस के प्रशासक बसंत कुमार सिंह ने बकाया ऋण वसूली में सख्ती दिखाते हुए 650 बकायेदारों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

गम्हरिया लैम्पस के प्रशासक बसंत कुमार सिंह। (जागरण)

गम्हरिया लैम्पस के प्रशासक बसंत कुमार सिंह। (जागरण)

HighLights

  1. गम्हरिया लैम्पस प्रशासक ने बकाया ऋण वसूली में सख्ती दिखाई।

  2. 650 ऋणधारकों पर 4.50 करोड़ रुपये बकाया, FIR की चेतावनी।

  3. बकायेदारों को दो सप्ताह का समय, किस्तों में भुगतान का विकल्प।

संवाद सहयोगी, गम्हरिया। गम्हरिया लैम्पस के प्रशासक बसंत कुमार सिंह पदभार ग्रहण करते ही एक्शन में हैं। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी स्थिति में लैम्पस के बकाएदारों को बख्शा नहीं जाएगा।

बकाया ऋण की वसूली को लेकर गम्हरिया और आदित्यपुर लैम्पस के सहकारिता विभाग ने सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है।

उन्होंने विभाग के संबंधित अधिकारियों को ऋण वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं करने वाले ऋणधारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है।

पदभार संभालने के बाद बसंत कुमार सिंह ने लैम्पस के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ऋणधारकों की सूची का भी जायजा लिया और बकाया राशि की वसूली के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि गम्हरिया और आदित्यपुर लैम्पस से बड़ी संख्या में लोगों ने ऋण लिया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कई ऋणधारकों ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की है।

इससे लैम्पस के खाताधारकों को उनकी जमा राशि वापस करने में परेशानी हो रही है। सहकारिता पदाधिकारी के अनुसार, बकायेदारों को ऋण चुकाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाएगा।

इस अवधि में वे गम्हरिया लैम्पस की बकाया राशि बैंक ऑफ इंडिया की आसंगी शाखा या पंजाब नेशनल बैंक की आदित्यपुर शाखा में जमा कर सकते हैं।

दर्ज कराई जाएगी FIR

निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि जो ऋणधारक एकमुश्त भुगतान करना चाहते हैं, उन्हें नियमानुसार छूट देने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा, ऋणधारक मासिक किस्तों के माध्यम से भी बकाया राशि जमा कर सकते हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, गम्हरिया लैम्पस के करीब 200 ऋणधारकों पर लगभग दो करोड़ रुपये बकाया हैं। वहीं, आदित्यपुर लैम्पस के करीब 450 ऋणधारकों के पास लगभग 2.50 करोड़ रुपये की राशि बकाया है।

इस प्रकार, दोनों लैम्पस में कुल लगभग 650 ऋणधारकों पर 4.50 करोड़ रुपये की देनदारी है। बकाया ऋण की वसूली नहीं होने से लैम्पस के खाताधारकों को भी अपनी जमा राशि प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है।

यह भी पढ़ें- टाटा मोटर्स की बल्ले-बल्ले! कमर्शियल वाहनों की बिक्री 42% बढ़ी, दूसरी तिमाही में 244 प्रतिशत उछला मुनाफा