एनआइटी में बिछेगा गैस पाइप लाइन, गेल ने दिया प्रस्ताव
देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक एनआइटी जमशेदपुर में जल्द ही संस्थान के विभिन्न आवास तक गैस की आपूर्ती पाइप लाइन के द्वारा किया जाएगा। इसको लेकर गेल इंडिया के द्वारा एनआइटी जमशेदपुर को प्रस्ताव दिया गया है।
जमशेदपुर/आदित्यपुर (जेएनएन) : एनआइटी जमशेदपुर में जल्द ही शिक्षक व संस्थान के विभिन्न आवास तक गैस की आपूर्ती पाइपलाइन के द्वारा किया जाएगा। इसको लेकर गेल इंडिया के द्वारा एनआइटी जमशेदपुर को प्रस्ताव दिया गया है। इस पर संस्थान के द्वारा विचार विर्मश किया जा रहा है।
संभावना है कि जल्द ही मामले में संस्थान के द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दिया जाएगा। मौखिक स्वीकृति दी जा चुकी है। लिखित स्वीकृति मिलते ही संस्थान में काम शुरू हो जाएगा। एनआइटी में 200 से ज्यादा शिक्षक के आवास के साथ ही शिक्षकेत्तर कर्मचारी के आवासों तक गेल पाइप लाईन के द्वारा गैस की आपूर्ति करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण योजना गैस घर-घर तक पहुंचाने की मुहिम में गेल इंडिया योजनाओं पर काम कर रहा है। इससे पहले सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर सहित सात प्रखंडों में गेल इंडिया पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ कर चुकी है। इस योजना के अंतर्गत 44 सीएनजी स्टेशन एवं 2 लाख 20 हजार घरों में पाइपलाइन से गैस पहुंचाए जाने की योजना है।
आदित्यपुर में भी यह सर्वे हो चुका है। पूरी योजना को अमलीजामा पहनाने में आठ साल लगेंगे, लेकिन एनआइटी में यह कार्य पहले ही जाएगा। दरअसल गेल इंडिया भी एनआइटी में यह कार्य कर लोगों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करना चाहता है। इस कारण गेल इंडिया ने एनआइटी को अलग से प्रस्ताव दिया है, ताकि आने वाले दिनों में लोगों को कोई दिक्कत न हो सके।