ढाई हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी शंकर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी शंकर राम को ढाई हजार रुपये रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जमशेदपुर की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। शंकर राम मूल रुप से प्रदेश के रामगढ़ जिले के रहने वाले हैं। कोल्हान में 2018 में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का यह पहला ट्रैप केस है।
डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबेदा के जारापाल निवासी संजय कुमार बेरा ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक को 27 जनवरी को लिखित शिकायत देते हुए बताया था कि उन्होंने जमीन की बंदोबस्ती कराने को बहरागोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी शंकर राम को आवेदन दिया था। बंदोबस्ती प्रक्रिया शुरु करने के लिए पांच हजार रुपये की मांग शंकर राम द्वारा की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप को सही पाया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, प्रमंडलीय थाना जमशेदपुर में शंकर राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद मंगलवार को राजस्व कर्मचारी को ढाई हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।