जमशेदपुर में रंगदारी के लिए बार ऑनर पर दागी गोलियां
बिष्टुपुर के पटियाला पैग बार एवं रेस्तरां के मालिक गुरुशरण सिंह पर रंगदारी के लिए अपराधियों ने गोलियां दागी। हालांकि, वे बच गए।
जमशेदपुर(जासं)। पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल टूट नहीं रहा। पुलिस की लाख चुस्ती के बाद अपराधी जहां-तहां गोलियां दाग रहे हैं और लूटपाट मचा रहे हैं। इसी कड़ी में बिष्टुपुर के पटियाला पैग बार एवं रेस्तरां के मालिक गुरुशरण सिंह पर रंगदारी देने का दबाव बनाने के लिए फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बिष्टुपुर थाने में गुरुशरण सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
गुरुशरण सिंह ने कहा है कि 31 अक्टूबर की रात पौने दस बजे वह अपने होटल को बंद कर ओसी रोड बिष्टुपुर स्थित अपने आवास जा रहे थे। इसी बीच उसके ससुर मंजीत सिंह, साला हरदीप सिंह (कुंजनगर सोनारी निवासी) तथा जसपाल सिंह व सैंकी (मून सिटी डिमना रोड मानगो निवासी) अपने साथ चार-पांच अन्य युवकों को लेकर बिष्टुपुर मैला टंकी के पास पहुंचे और उसका (गुरुशरण का) रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने 50 हजार रुपये रंगदारी मांगी।
रास्ते में रोक धमकाया, दागी गोलियां
जान से मारने की धमकी भी दी। इतना कहने के बाद मंजीत सिंह व जसपाल सिंह ने इसे और फायङ्क्षरग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग एकजुट हो गए। यह देखकर सभी लोग भाग गए। इसकी जानकारी उन्होंने सीजीपीसी के प्रधान व अपने पिता को दी। सुबह सीजीपीसी के प्रधान के साथ बैठक कर निर्णय लिया गया कि घटना की जानकारी थाने को दी जाए। उन्होंने थाना प्रभारी से मांग की है कि आरोपित पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए क्योंकि उपरोक्त लोग अपराधिक प्रवृत्ति के हैं और कभी भी उसकी हत्या करा सकते हैं।