राम मंदिर भूमि पूजन उत्सव पर जमशेदपुर में जमकर हुई आतिशबाजी, बिष्टुपुर राम मंदिर में 1100 दीयों से लिखा गया जय श्री राम, देखें उत्सव की तस्वीरें Jamshedpur News
सुबह से ही आम-खास सभी घरों में टेलीवजन के सामने बैठकर अयोध्या की पल-पल की तस्वीरें देखते रहें। इनमें सूबे केे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल थे।
जमशेदपुर (जासं) । पांच अगस्त आज का यह दिन इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। आज हर राम भक्त का मन खुशी से गदगद है। आज जहां अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन संपन्न हुई। वहीं इस खुशी की बानगी पूरे देश के साथ-साथ जमशेदपुर में भी देखने को मिली। सुबह से ही आम-खास सभी घरों में टेलीवजन के सामने बैठकर अयोध्या की पल-पल की तस्वीरें देखते रहें। इनमें सूबे केे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल थे। देर शाम जश्न का उत्सव शुरू हो गया। आतिशबाजी शुरू हो गई। मंदिर दीये और लाइटों की रौशनी से जगमगा उठे।
इधर, इस मौके पर बिष्टुपुर राम मंदिर में शाम को 1100 दीए जलाए गए। इन दीयों से लोगों ने जय श्री राम की आकृति बनाई। पहला दीया जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने जलाया। उसके बाद मंदिर के उपस्थित पदाधिकारियों ने एक-एक कर दीया जलाया। इसके बाद शाम को प्रसाद का वितरण किया गया। बुधवार सुबह ही पूजा पाठ के दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित राम की मूर्ति को भव्य रूप से सजाया गया। दीया जलाने के क्रम में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष वीडी गोपाल, महासचिव एसवी दुर्गा प्रसाद शर्मा, एम चंद्रशेखर, बी श्रीनिवास, गंगा मोहन, महेश सहित कई सदस्य मौजूद थे।
इससे पूर्व यहां विश्व हिंदू परिषद तथा राष्ट्रीय क्रांतिकारी मोर्चा के दर्जनों सदस्य बिष्टुपुर राम मंदिर पहुंच गए। शाम चार बजे के करीब मंदिर परिसर में भीड़ जुटनी प्रारंभ हो गई। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने भीड़ को हटाया तथा मंदिर कमेटी के पदाधिकारी को हिदायत दी कि वे शारीरिक दूरी का पालन करते हुए अपना कार्यक्रम करें। इसके बाद वहां जुटी भीड़ चली गई। शाम को मंदिर परिसर में दीयोत्सव का कार्यक्रम हुआ।
सांसद ने की श्रीराम की पूजा, आतिशबाजी भी हुई
सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को बिष्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में भगवान श्रीराम की पूजा की, तो इसके बाद सांसद ने अपनी पत्नी व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए पूजा करते हुए देखा। सांसद कार्यालय में बड़ी स्क्रीन की टीवी लगाई गई थी, जिस पर सभी अयोध्या से सीधा प्रसारण देखा और खुशी मनाई। भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद लड्डू वितरण किया गया। इस दौरान कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर आतिशबाजी भी की गई।
लंबे संघर्ष का सुखद परिणाम : सांसद
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि लंबे समय के संघर्ष के बाद आज यह सुखद सपना साकार होने जा रहा है। संपूर्ण हिंदू समाज की आस्था का प्रतीक भव्य राम मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द होगा। संपूर्ण ङ्क्षहदू समाज, संत समाज व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए बधाई के पात्र हैं ।आज का यह क्षण ना सिर्फ भारत के लिए बल्कि पूरे मानव इतिहास के लिए एक निर्णायक घड़ी एवं महत्वपूर्ण मोड़ है।