यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झारखंड के फिल्मकार मुजफ्फरपुर में करा रहे फिल्म फेस्टिवल Jamshedpur News
झारखंड फिल्म निर्माता संघ के दो युवा सदस्य फिल्म एडीटर नरेश मंडल व स्क्रिप्ट राइटर अशोक अश्क के विशेष सहयोग ...और पढ़ें

जमशेदपुर (जासं) । झारखंड फिल्म निर्माता संघ के दो युवा सदस्य फिल्म एडीटर नरेश मंडल व स्क्रिप्ट राइटर अशोक अश्क के विशेष सहयोग से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शाइनसीने फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के फिल्म निर्माता अपनी-अपनी फिल्मों के माध्यम से हिस्सा ले रहे हैं। शाइनसिने फिल्म फेस्टिवल छोटे से छोटे स्तर और बड़े पैमाने पर काम कर रहे सभी कलाकारों के लिए एक विश्वस्तरीय मंच लेकर आ रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली कलाकारों को उनके हुनर के मुताबिक पहचान दिलाना है, ताकि उन्हें भी फिल्म जगत में मौका मिल सके।
इस फेस्टिवल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चाहे कलाकार नाम से कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर एक छोटा कलाकार हुनर में उनसे आगे है, तो उसे अग्रिम पंक्ति में खड़ा करना है। फेस्टिवल हर तरह के क्षेत्रीय और भाषायी बंधनों से ऊपर उठकर काम कर रहा है। फेस्टिवल में दुनिया के किसी भी भाषा में कार्य कर रहे कलाकारों के लिए एक सुनहरा अवसर है। फिल्म स्क्रीनिंग के बाद इसे अवार्ड शो के रूप में तब्दील कर दिया जाएगा, ताकि विजेताओं को किसी बंद हॉल में पुरस्कार नहीं लेना पड़े। इस फेस्टिवल के विजेताओं को दुनिया के सामने सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए कुछ चैनलों से बात चल रही है।
फेस्टिवल की ज्यूरी के लिए बॉलीवुड के कुछ बहुत ही अनुभवी और मंजे हुए स्थापित कलाकारों से बातचीत चल रही है। विश्वस्तरीय मंच लेकर इस विशेष संदेश के माध्यम से मैं झारखंड फिल्म निर्माता संघ के सभी सदस्यों सहयोगियों व झारखंड के सभी निर्माता बंधुओं अपील की गई है कि वे अपनी अपनी फिल्म लेकर इस आयोजन में भाग लें। इस फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों के शामिल होने की अंतिम तिथि 24 नवंबर 2020 है। इससे जुड़ी विशेष जानकारी के लिए शाइनसिने के फेसबुक, ट्विटर व इंस्टाग्राम पेज पर जा सकते हैं।