प्रेमिका शादी को बना रही थी दबाव, प्रेमी ने की आत्महत्या
प्रेमिका ने शादी करने का दबाव बनाया तो बिष्टुपुर धतकीडीह हरिजन बस्ती के रहने वाले 24 वर्षीय मानव मुखी बुधवार दोपहर को घर में फंदे से लटक गया। परिवार वाले उसे टाटा मुख्य अस्पताल ले गए। यहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : प्रेमिका ने शादी करने का दबाव बनाया तो बिष्टुपुर धतकीडीह हरिजन बस्ती के रहने वाले 24 वर्षीय मानव मुखी बुधवार दोपहर को घर में फंदे से लटक गया। परिवार वाले उसे टाटा मुख्य अस्पताल ले गए। यहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
खुदकशी के पहले फेसबुक पर उसने लिखा कि मैं सुसाइड कर रहा हूं और इसकी वजह प्रेमिका हैं। फेसबुक पर कमेंटस देख प्रेमिका ने मानव मुखी की मां को फोन कर बताया कि घर जाकर देखिए, मानव सुसाइड कर रहा है। जब तक ड्यूटी से उसकी मां वेदी मुखी घर पहुंचती तब तक वह खुदकशी कर चुका था। मानव डांसर था और डांस ग्रुप का संचालन करता था। प्रेमिका भी उसके गु्रप में शामिल थी।
मानव मुखी की मौत पर उसके परिजन ने युवती पर आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी बिष्टुपुर थाना में दर्ज कराई है। घटना की जानकारी पर कांग्रेस के सुरेश मुखी समेत मुखी समाज के कई लोग धतकीडीह पहुंचे थे।
सोनारी तिलो भट्ठा की रहने वाली युवती से मानव मुखी का तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ दिनों से प्रेमिका और उसके बीच शादी को लेकर अनबन चल रही थी। प्रेमिका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इससे मानव तनाव में रहने लगा था। शादी नहीं करने पर प्रेमिका ने उसके खिलाफ साकची महिला थाना में शिकायत भी की थी। वहां मानव मुखी ने समझौता बांड में लिखा था कि वह शादी कर लेगा। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट्स का आदान-प्रदान भी होता था। दोनों ओर से विवादस्पद कमेंट्स चल रहे थे।
सुबह 11.30 बजे प्रेमिका पहुंची थी मानव के घर
मानव मुखी के घर के आस-पास रहने वालों ने बताया कि मानव की मां काम पर गई थी। घर में मानव अकेला था। 11.30 बजे उसके घर प्रेमिका अकेले पहुंची। शादी करने को दबाव बनाने लगी। उल्टा-सीधा बोलने लगी। आवेश में दोनों एक-दूसरे के खिलाफ बोलते रहे। प्रेमिका उसे सबक सिखाने की धमकी देते हुए वहां चली गई। पहले भी प्रेमिका का उसके घर पर आती-जाती थी। बुधवार की घटना से दुखी मानव मुखी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। एसबेस्टस की पाइप के सहारे फंदे से लटक गया।
मानव की पत्नी ने कर ली है दूसरी शादी
खुदकशी करने वाले मानव मुखी शादीशुदा था। करीब चार वर्ष पहले उसकी पत्नी ने छोड़ दिया। भालूबासा के एक युवक से विवाह कर ली। मुखी समाज की बैठक में मानव मुखी के परिजनों को उसकी पत्नी को दिए गए गहने और कुछ सामान को वापस कराया गया था।