अलकायदा के संदिग्ध आतंकी अब्दुल सामी की अदालत में पेशी
आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े होने के संदेह में हरियाणा के मेवात से पकडे़ गए बिष्टुपुर धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी की पेशी सोमवार शाम जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के अपर सत्र न्यायाधीश-9 की अदालत में हुई। इसके साथ ही उसके खिलाफ दर्ज मामले में सेशन ट्रायल शुरू हो गया। उसकी अगली पेशी 11 जनवरी को होगी। पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े होने के संदेह में हरियाणा के मेवात से पकडे़ गए बिष्टुपुर धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी की पेशी सोमवार शाम जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के अपर सत्र न्यायाधीश-9 की अदालत में हुई। इसके साथ ही उसके खिलाफ दर्ज मामले में सेशन ट्रायल शुरू हो गया। उसकी अगली पेशी 11 जनवरी को होगी। पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
सामी को तिहाड़ जेल से दिल्ली पुलिस लेकर न्यायालय पहुंची थी। बिष्टुपुर थाना की पुलिस समेत अन्य अधिकारी तैनात रहे। पेशी के बाद अब्दुल सामी को बिष्टुपुर थाना ले जाया गया। इससे पहले उसकी पेशी आठ नवंबर व 25 अक्टूबर को अदालत में उसकी पेशी हुई थी।
20 जनवरी, 2016 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
बिष्टुपुर थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने सामी के खिलाफ आंतकी संगठन से जुड़े रहने, देशद्रोह, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत बिष्टुपुर थाने में 20 जनवरी, 2016 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में अब्दुल रहमान कटकी, नसीम, अहमद मसूद को दिल्ली की विशेष शाखा की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अहमद मसूद के धतकीडीह रज्जाक कालोनी आवास से आतंकी गतिविधि से जुड़े कई दस्तावेज और कंप्यूटर भी बरामद किए थे। अहमद मसूद और नसीम दोनों घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद हैं। अब्दुल रहमान कटकी ओडिशा का निवासी है। उसे 15 दिसंबर 2015 को गिरफ्तार किया था। कटकी की निशानदेही पर अब्दुल शामी को हरियाणा से 18 जनवरी, 2016 को पकड़ा गया था।
दो की शहर से हुई थी गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा की पुलिस की सूचना पर जमशेदपुर पुलिस ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र धातकीडीह के रज्जाक कॉलोनी निवासी से अब्दुल मसूद और पुरुलिया रोड से मो. नसीम को गिरफ्तार किया था। नसीम के पास से पिस्तौल-कारतूस बरामद किए गए थे। इन सभी पर अलकायदा के लिए काम करने का आरोप है।