रांची के ध्यानार्थ : अलकायदा के संदिग्ध आतंकी जीशान को भेजा गया जेल
अलकायदा के संदिग्ध आतंकी जमशेदपुर के मानगो जाकिरनगर नगर रोड
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अलकायदा के संदिग्ध आतंकी जमशेदपुर के मानगो जाकिरनगर नगर रोड नंबर चौदह के निवासी जीशान अली को जेल भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने 14 दिन की रिमांड के बाद दिल्ली की एक अदालत में गुरुवार को उसे पेश किया। उसे 21 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
जीशान अली को 9 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। उस पर अलकायदा में अन्य सदस्यों के साथ भारतीय युवकों को भी शामिल करने, आतंकवाद के लिए धन मुहैया कराने और देश में आतंकी संगठन के लिए एक आधार स्थापित करने का आरोप है। 14 दिनों की पूछताछ में उसने दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा को संगठन से जुड़े कई संदिग्धों का नाम बताया है।
झारखंड एटीएस के अधिकारी भी उसे पूछताछ करने के लिए दिल्ली में कैंप किए गए हुए थे। ग्लास्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 2007 में हुए हमले के मास्टर माइंड डॉ. सबील अहमद की बहन से जीशान अली की शादी बेंगलुरु में हुई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार जीशान ने बताया कि 2015 में वह साऊदी गया था। अब्दुल रहमान कटकी ने उसे आतंकी संगठन में शामिल कराया था।
जीशान के दो सहयोगी तिहाड़ और दो साथी जमशेदपुर जेल में है बंद
जीशान अली और उसके भाई आर्शियान समेत अन्य की आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े होने की जानकारी दूसरे आतंकियों से पूछताछ के दौरान हुई थी। हरियाणा से जमशेदपुर के बिष्टुपुर धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी की 18 जनवरी 2016 और 16 दिसंबर 2015 को अब्दुल रहमान कटकी की ओडिशा (कच्छ) से गिरफ्तारी के बाद आतंकी संगठन से जीशान के जुड़े होने की बात सामने आई थी। दोनों ने पूछताछ में कई संदिग्ध नाम सामने आए थे जिनका जुड़ाव अलकायदा से बताया गया था।
दिल्ली पुलिस ने दी थी जानकारी, इसके बाद हुई थी गिरफ्तारी
अब्दुल सामी और अब्दुल रहमान कटकी की गिरफ्तारी के बाद जमशेदपुर के बिष्टुपुर के धतकीडीह रज्जाक कॉलोनी निवासी अकरम शेख मसूद और मानगो निवासी नसीम अख्तर को दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी आधार पर जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बिष्टुपुर थाने में अब्दुल सामी, अब्दुल रहमान कटकी, अकरम शेख मसूद और नसीम अख्तर के खिलाफ राष्ट्रदोह का मामला दर्ज किया गया था। दिल्ली विशेष शाखा की पुलिस ने शहर में कई दिन तक कैंप कर मामले की जानकारी ली थी। वहीं बिष्टुपुर पुलिस मामले की जांच कर रही थी, इस बीच सरकार ने जमशेदपुर से अलकायदा संगठन के कनेक्शन को लेकर मामले की जांच झारखंड एटीएस को सौंप दी थी।