विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

e-Kalyan Portal : सिंहभूम कॉलेज के विद्यार्थियों को चार वर्षीय स्नातक कोर्स में तीन बार ही मिल रही छात्रवृत्ति, नाराज छात्रों ने उठाई आवाज

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:46 PM (IST)

नई शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए केवल तीन बार आवेदन का अवसर मिलने से विद्यार्थी नाराज हैं। 

सिंहभूम कॉलेज के छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रवृत्ति सत्र बढ़ाने और पोर्टल पर चार बार आवेदन का विकल्प देने की मांग की है।

सिंहभूम कॉलेज के छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रवृत्ति सत्र बढ़ाने और पोर्टल पर चार बार आवेदन का विकल्प देने की मांग की है।

HighLights

  1. चार वर्षीय स्नातक में ई-कल्याण छात्रवृत्ति अवधि बढ़ाने की मांग।

  2. छात्रों को केवल तीन बार आवेदन का अवसर, चौथे वर्ष वंचित।

  3. सिंहभूम कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

जासं, चांडिल । नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि चार वर्ष किए जाने के बावजूद ई-कल्याण छात्रवृत्ति में आवेदन के अवसर नहीं बढ़ाए जाने से विद्यार्थियों में नाराजगी है। 
 
इस गंभीर समस्या को लेकर सत्र 2022-2026 के स्नातक विद्यार्थियों ने सिंहभूम कॉलेज, चांडिल के प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। 
 
विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति का सत्र बढ़ाने और पोर्टल पर चार बार आवेदन करने का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है।
 
छात्रों ने बताया कि पूर्व में स्नातक पाठ्यक्रम तीन वर्ष का होता था, जिसके अनुरूप विद्यार्थियों को ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए तीन बार आवेदन करने का अवसर मिलता था। 
 
नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद स्नातक की पढ़ाई चार वर्ष (आठ सेमेस्टर) की हो गई है, लेकिन ई-कल्याण छात्रवृत्ति पोर्टल की व्यवस्था में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। 
 
इस तकनीकी और नीतिगत खामी के कारण सत्र 2022-2026 के विद्यार्थी चौथे वर्ष की छात्रवृत्ति से वंचित हो रहे हैं।
 
विद्यार्थियों के अनुसार, वे वर्तमान में सातवें सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। ऐसे में सातवें और आठवें सेमेस्टर की पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। 
 
इससे उनकी आगे की उच्च शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को ध्यान में रखते हुए छात्रवृत्ति का सत्र बढ़ाया जाए, ताकि सभी सेमेस्टर का लाभ मिल सके। 
 
विद्यार्थियों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण विभाग के मंत्री को भी प्रेषित कर जल्द पहल करने का आग्रह किया है। इस दौरान समीर कुमार महतो, धरमपाल प्रमाणिक, विजय महतो सहित कई विद्यार्थी मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।