Live Coronavirus Jamshedpur : जमशेदपुर में आठ कोरोना संक्रमित हुए स्वस्थ, 14 नए केस मिले
Coronavirus Jamshedpur News Update. कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम में आठ और कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे तो 14 नए केस भी मिले।
जमशेदपुर, जेएनएन। कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम में आठ और कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे तो 14 नए केस भी मिले। रविवार को एक ही दिन में पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 14 नए पॉजिटिव केस मिले। सबों को तत्काल कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया गया है जहां इलाज चल रहा है।
जमशेदपुर के टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती पांच और एमजीएम से तीन कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने-अपने घर पहुंचे। इसमें चार चाकुलिया, एक बागबेड़ा, एक बिरसानगर, एक डिमना रोड और एक धतकीडीह निवासी हैं। जिले में अबतक कुल 172 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
सभी संक्रमितों में तीन की ट्रैवल हिस्टी
रविवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में दो का दिल्ली व एक का मुंबई का ट्रैवल्स हिस्ट्री है। बाकी दूसरे मरीजों की चपेट में आकर संक्रमित हुए हैं। इसमें बहरागोड़ा के सात, मुसाबनी के दो, धालभूमगढ़ के एक, एग्रिको के एक, सिदगोड़ा के एक व बारीडीह के एक रहने वाले हैं। सभी जगहों पर कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 322 हो गई है।
एमजीएम में हुई 179 संदिग्धों की हुई जांच
जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में रविवार को 179 संदिग्ध मरीजों की जांच हुई। इसमें 12 कोरोना पॉजिटिव मिले। पूर्वी सिंहभूम के 12 व पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो मरीज शामिल है। टीएमएच के लैब से दो कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 227 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। जिले में अबतक कुल 18192 नमूमा लिया जा चुका है। इसमें 17195 की रिपोर्ट आ चुकी है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है।