दुर्गोत्सव : मौसम की बेरुखी मायूस हो रहे आयोजक Jamshedpur News
हथिया नक्षत्र शुरू हो चुका है जो 12 अक्टूबर तक रहेगा। इस नक्षत्र में बारिश होने की संभावना अधिक रहती है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। शहर और आसपास के क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान बारिश होने के प्रबल आसार हैं। हथिया नक्षत्र शुरू हो चुका है, जो 12 अक्टूबर तक रहेगा। इस नक्षत्र में बारिश होने की संभावना अधिक रहती है।
ऐसे में पूजा आयोजकों के साथ पूजा घुमने वाले श्रद्धालुओं के चेहरे पर मायूसी छाई है। पिछले कुछ दिनों से बदले मौसम के मिजाज से ऐसे ही दुर्गोत्सव की तैयारियों पर रोड़ा बनी हुई है। नवरात्र शुरू हो चुका है और बारिश के कारण शहर के पूजा पंडालों के निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा हुआ है। पंडाल के साथ मूर्ति निर्माण कार्य को पूरा करने में भी कारीगरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मूर्ति पर चढ़े मिट्टी के परत को सुखाने के लिए हीटर और ड्रायर का उपयोग किया जा रहा है। कई स्थानों पर चुल्हा जलाकर प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। परवान चढ़ते दुर्गोत्सव की तैयारियों पर बारिश का दखल देना कार्य के प्रगति पर बाधक बन रहा है। बारिश होने से शहर में बनाए जा रहे बड़े-बड़े भव्य पूजा पंडालों की भव्यता के साथ उसकी सजावट बिगड़ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले सप्ताह में बारिश होने की प्रबल संभावना है। दुर्गोत्सव की तैयारियों के चरम स्थिति पर बारिश होने से व्यवधान उत्पन्न होगा। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा के अनुसार अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह तक बारिश होने के आसार है।
नदी-नालों को बढ़ा जलस्तर
पिछले एक सप्ताह से रुक रुककर हो रही बारिश के बाद शहर में बहने वाले नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं तेज बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चांडिल डैम में जलस्तर बढऩे से डेम के नौ रेडियल गेट खोले गए हैं, जिसके कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, हालांकि नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। शहर में रविवार को भी रुक रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर में 13.4 मिमी बारिश दर्ज किया है। सुबह मौसम साफ रहने के कारण दिन का अधिकतम तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग ने शहर का तापमान अधिकतम 29.1 और न्यूनतम 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस था।
बारिश से परेशान खरीदार
शहर में बोनस का वितरण लगभग हर कंपनी कर चुकी है। दुर्गोत्सव के मौके पर शहरवासी जमकर खरीदारी करते हैं। नवरात्र शुरू हो चुका है। ऐसे में समय में शहर के बाजार में जमकर खरीदारी की जाती है, लेकिन इस वर्ष हो रही बारिश से खरीदारी करने वाले लोग खासे परेशान हैं। रुक रुककर हो रही बारिश के कारण लागे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।