विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाषा की बाधा दूर कर जनजातीय समाज तक पहुंच रही ज्ञान की विरासत, संताली में पढ़े जा रहे संस्कृत ग्रंथ

By Dileep KumarEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 25 Nov 2026 08:25 PM (IST)

डॉ. सुनील मुर्मु 15 वर्षों से संस्कृत के ग्रंथों का संताली में अनुवाद कर जनजातीय समाज तक ज्ञान की विरासत पहुंचा रहे हैं।

डाॅ. सुनील मुर्मू और दानगी सोरेन पिछले 15 वर्षों से संस्कृत की महत्वपूर्ण रचनाओं का संताली में अनुवाद कर रहे हैं।

डाॅ. सुनील मुर्मू और दानगी सोरेन पिछले 15 वर्षों से संस्कृत की महत्वपूर्ण रचनाओं का संताली में अनुवाद कर रहे हैं।

HighLights

  1. डॉ. सुनील मुर्मु संस्कृत ग्रंथों का संताली में अनुवाद कर रहे हैं।

  2. उनकी पत्नी दानगी सोरेन संस्कृत की सहायक प्राध्यापक हैं।

  3. यह पहल जनजातीय समाज तक प्राचीन ज्ञान पहुंचा रही है।

दिलीप कुमार, जागरण। संताली भाषी जनजातीय समाज के लिए संस्कृत के उन ग्रंथों और रचनाओं को पढ़ने, जानने और समझने का नया रास्ता खुल गया, जिनसे अब तक भाषा की वजह से दूरी बनी हुई थी। 15 वर्षों से संस्कृत की समृद्ध साहित्यिक विरासत को संताली में पहुंचाने में जुटे हैं डा. सुनील मुर्मु। 
 
उनकी यह पहल महज भाषाओं के बीच अनुवाद का काम नहीं, ज्ञान की उस विरासत को समाज के उस बड़े हिस्से तक पहुंचाने का प्रयास है, जो संस्कृत पढ़ने-समझने में सक्षम नहीं है। 
 
इस यात्रा में उनकी पत्नी दानगी सोरेन भी शिक्षा और संस्कृत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। विवाह के बाद छूटी पढ़ाई दोबारा शुरू कर उन्होंने विश्वविद्यालय में दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए और आज संस्कृत की सहायक प्राध्यापक हैं।
 
भाषा किसी ज्ञान परंपरा तक पहुंचने का माध्यम होती है। भाषा की दूरी कई बार समाज के बड़े हिस्से को उस ज्ञान से भी दूर कर देती है, जो उसकी साझा सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। 
 
झारखंड में डाॅ. सुनील मुर्मु इसी दूरी को पाटने में जुटे हैं। सिंहभूम कालेज, चांडिल के प्राचार्य डा. मुर्मु पिछले 15 वर्षों से संस्कृत की महत्वपूर्ण रचनाओं का संताली में अनुवाद कर रहे हैं, ताकि संताली भाषी आदिवासी समाज भी उन ग्रंथों को अपनी भाषा में पढ़ सके, उनके विचारों को समझ सके और उनसे जुड़ सके। 
 
उनके इस प्रयास का महत्व इसलिए भी बड़ा है कि संस्कृत के कालजयी साहित्य को जानने के लिए अब संस्कृत का ज्ञान होना अनिवार्य नहीं रह गया है। 

संताली में उपलब्ध अनुवाद के माध्यम से पाठक अपनी भाषा में उन रचनाओं का भाव, विचार और संदेश समझ सकते हैं। यह पहल ज्ञान को भाषा की सीमाओं से बाहर निकालकर अधिक लोगों तक पहुंचाने की कोशिश है।
 

महाकवि कालिदास के नाटक को पढ़ पा रहे जनजातीय समाज के लोग 

वह कहते हैं कि महाकवि कालिदास के विश्वप्रसिद्ध नाटक 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' का उन्होंने 'होरोक्-चिन्हा शकुन्तला' नाम से संताली में अनुवाद किया। 

आदिशंकराचार्य की 'प्रश्नोत्तर रत्नमालिका' को 'कुकली तेला मानीमाला' के रूप में प्रस्तुत किया। साहित्य अकादमी, नई दिल्ली से प्रकाशित इन दोनों पुस्तकों ने संस्कृत की प्रतिष्ठित रचनाओं को संताली पाठकों तक पहुंचाने का रास्ता तैयार किया है। वह कहते हैं कि उनका यह प्रयास यहीं तक सीमित नहीं है। 
 
मुंशी प्रेमचंद के उपन्यास 'निर्मला' का संताली अनुवाद करने के साथ उन्होंने विष्णु शर्मा की 'पंचतंत्रम्' को 'मोंड़े मान्तार', भर्तृहरि की 'नीतिशतकम्' को 'मितसाय सिखनात' और महाकवि भास के नाटक 'स्वप्नवासवदत्तम्' को 'कुकमू रीनीज् बासवदता' नाम दिया है। संताली बालकथा पुस्तक 'बासियाम बाहा' भी उनकी इसी रचनात्मक यात्रा का हिस्सा है।
 

संस्कृत और संताली के पारस्परिक संबंधों पर शोध कर रहीं दानगी

इस दंपती की कहानी का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष दानगी सोरेन की शैक्षणिक यात्रा है। विवाह के बाद दानगी की पढ़ाई छूट गई थी, लेकिन वर्ष 2009 में पति की प्रेरणा से उन्होंने संस्कृत आनर्स में स्नातक की पढ़ाई दोबारा शुरू की। 
 
वर्ष 2012 में कोल्हान विश्वविद्यालय में संस्कृत आनर्स की टापर बनीं और कला संकाय में सर्वोच्च स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी वर्ष स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू की और एमए में भी विश्वविद्यालय टापर बनकर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। 
 
बीएड और यूजीसी नेट की तैयारी के बाद वर्ष 2022 में झारखंड लोक सेवा आयोग से चयनित होकर कोल्हान विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर संस्कृत विभाग में सहायक प्राध्यापक बनीं। अब वह संस्कृत और संताली के पारस्परिक संबंधों पर शोध में भी सक्रिय हैं। 
special

प्रेम सिंह मुंडा (संस्कृत ऑनर्स, गोल्ड मेडलिस्ट) के अनुसार, संस्कृत भाषाओं की जननी है। धार्मिक ग्रंथों का संताली में अनुवाद होने से समाज को बहुत कुछ सीखने को मिला। इससे सनातन संस्कृति के साथ-साथ वैदिक संस्कृति की भी जानकारी मिली और ये अनुवादित ग्रंथ उनके जीवन में बेहद लाभकारी सिद्ध हुए।

रूपा सिंह मुंडा (पीजी गोल्ड मेडलिस्ट) ने कहा कि अब लोग जागरूक हो रहे हैं और अमेरिका जैसे देश भी संस्कृत सीखने के लिए उत्सुक हैं। प्राचीन काल को समझने के लिए संस्कृत सबसे सटीक और उत्तम माध्यम है। उन्होंने संस्कृत के धार्मिक ग्रंथों का संताली में अनुवाद करने के लिए डॉ. सुनील मुर्मू को बधाई दी और बताया कि संस्कृत के अनेक शब्द मुंडारी, संथाली और भूमिज जैसी आदिवासी भाषाओं से मेल खाते हैं। 

संताली में रूपांतरित प्रमुख रचनाएं

मूल रचना / श्रेणी संताली नाम
अभिज्ञानशाकुंतलम् होरोक्-चिन्हा शकुन्तला
प्रश्नोत्तर रत्नमालिका कुकली तेला मानीमाला
पंचतंत्रम् मोंड़े मान्तार
नीतिशतकम् मितसाय सिखनात
स्वप्नवासवदत्तम् कुकमू रीनीज् बासवदता
बालकथा संग्रह (अप्रकाशित) बासियाम बाहा

ज्ञान और साहित्य की विरासत अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए उसे उनकी अपनी भाषा में उपलब्ध कराना जरूरी है। अनुवाद के माध्यम से मैं संस्कृत और संताली के बीच ऐसा संवाद बनाने की कोशिश कर रहा हूं, जिसमें संताली समाज के पाठकों के लिए नए साहित्यिक संसार के द्वार खुल जाएं।

-

डाॅ. सुनील मुर्मु, सिंहभूम कालेज, चांडिल के प्राचार्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।