विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर बार कांड: चापड़ के 21 गहरे जख्मों से जूझ रहा प्रत्यूष, कोलकाता के अस्पताल में अगले 72 घंटे बेहद नाजुक

By Anwesh AmbesthaEdited By: Nishant Bharti
Published: Wed, 01 Jul 2026 09:59 AM (GMT+05:30)

जमशेदपुर के डीडी बार के बाहर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष सिंह का कोलकाता के अपोलो अस्पताल ...और पढ़ें

HighLights

  1. प्रत्यूष सिंह को चापड़ से 21 गहरे घाव लगे।

  2. कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा इलाज।

  3. अगले 72 घंटे प्रत्यूष के लिए बेहद नाजुक।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्यपुर निवासी प्रत्यूष सिंह का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसके शरीर पर चापड़ के कुल 21 गहरे घाव पाए गए हैं। 

गंभीर चोटों को देखते हुए उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने अगले 72 घंटे को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए प्रत्यूष को लगातार ऑब्जर्वेशन में रखा है।

सिर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चापड़ से वार 

जानकारी के अनुसार, हमले में प्रत्यूष के सिर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चापड़ से कई वार किए गए थे। टाटा मुख्य अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे कोलकाता रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी देखरेख कर रही है। 

अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में है और चिकित्सक हर पल स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।

कई आरोपितों को किया गिरफ्तार

इधर, इस हमले में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। 

वहीं, प्रत्यूष के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर उसके स्वजन और परिचित लगातार अस्पताल के संपर्क में हैं। गौरतलब की बार के सामने अपराधियों ने पुलिस की मौजदूगी में हिमांशु और प्रत्यूष पर चापड़ से जानलेवा हमला किया था। घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें- डबल डाउन बार कांड के बाद जमशेदपुर में हाई अलर्ट, 6 थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू; प्रदर्शन और हथियारों पर रोक