इंसान की तरह डॉग का हो रहा हार्ट फेल, मोटापा व किडनी की भी बीमारी, ये रही वजह
इंसानी बीमारी अब पालतू डॉग को भी तेजी से जकड़ रहा है। हर्ट फेल हो रहा है और मोटापा व किडनी की बीमारी बढ़ रही है। इसकी वजह हैरान करने वाली है।
जमशेदपुर, अमित तिवारी। इंसान की तरह अब कुत्तों में भी हार्ट अटैक, किडनी खराब, थायराइड, मोटापा जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ी हैं। इसका मुख्य कारण कुत्तों की खान-पान से लेकर उनकी जीवन शैली में परिवर्तन आना है। कुत्ता मूलत: मांसाहारी जीव है, लेकिन इंसान ने उसे पालतू बनाकर अपनी पसंद की खुराक देना शुरू कर दिया है। जिस वजह से बीमारियां भी इंसानों वाली होने लगी हैं।
इतना ही नहीं, कुत्तों की नींद भी एयर कंडीशन में ही पूरी हो रही है। शारीरिक व्यायाम न के बराबर रह गया है। वह बिल्कुल इंसान की तरह ही पल रहा है। मसालेदार व चटपटा खाना के साथ-साथ असंयमित दिनचर्या उसकी सेहत बिगाड़ रही है, जो चिंता का विषय है। शहर के वेटेनरी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि बीते दस साल में मधुमेह से ग्रसित कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पहले एक हजार में एक मिलते थे लेकिन अब हर साल 7 से 8 कुत्ते मिल रहे हैं। फिलहाल करीब 10 फीसद कुत्ते मधुमेह की चपेट में आ गए है। विपरीत खान-पान की वजह से कुत्तों में हार्मोन से संबंधी बीमारियों के साथ हार्ट अटैक और किडनी की बीमारी भी हो रही है।
साइलेंट किलर की तरह कुत्तों में बढ़ रहा मधुमेह
कुत्तों में मधुमेह साइलेंट किलर की तरह बढ़ रहा है। डॉ. रोहित ने बताया कि अधिकांश पालतू कुत्तों के मालिक बीमारी को समझ नहीं पाते है। जब मधुमेह पकड़ में आता है, तबतक काफी बढ़ गया होता है। अभी के समय कुत्तों के मालिक उसे हाई कैलोरी के डाइट देते हैं। जिसके कारण कुत्ता ज्यादा समय तक सोता और शारीरिक व्यायाम भी नहीं कर पाता है। कुत्ते को मधुमेह किसी भी उम्र में हो सकता है। लेकिन आठ साल के उम्र में अधिक देखा गया है। मधुमेह रोग से कुतिया अधिक ग्रसित पायी जाती हैं।
ये है मोटापे की वजह
डॉ. रोहित ने बताया कि कुत्तों को ज्यादा तेल-मसाले वाली चीजें खिलाई जा रही हैं। उनका घूमना-फिरना और दौड़ना भी बंद हो गया है। इस वजह से करीब 50 फीसद कुत्ते मोटापा के शिकार हो गए हैं। मोटापे के कारण उनका लिवर भी फैटी हो रहा है। वहीं 12 से 13 फीसद कुत्ते थायराइड व 50 कुत्तों में 13 से 14 की किडनी फेल हो रही है। थायराइड बीमारी में कोई भी दवा काम नहीं करती है।
कुत्ता में होने वाला मधुमेह का लक्षण
- वजन लगातार कम होना।
- प्यास ज्यादा लगना।
- उल्टी होना।
- मोतियाबिंद होना।
- ज्यादा पेशाब करना।
- पेशाब में चींटी लगना।
ये कहते विशेषज्ञ
कुत्तों में मधुमेह रोग तेजी से बढ़ा है। इस बीमारी को सही समय पर मालिक पहचान नहीं पाते, जिसका असर लिवर, किडनी, हार्ट पर भी पड़ रहा है। कुत्तों को उनकी जिंदगी जीने देना चाहिए। अगर किसी तरह की संदेह हो तो तत्काल वेटेनरी चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
- डॉ. रोहित कुमार, वेटेनरी विशेषज्ञ।