विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली बाजार में पटाखों की धूम: अनार, फाउंटेन और बीजेपी फैंसी लोट्स से रोशन होगा आसमान, 10 रुपये से शुरू है रेंज

Published: Thu, 05 Nov 2026 08:36 PM (IST)

जमशेदपुर के बाजारों में दीपावली के लिए पटाखों की दुकानें सज गई हैं, जहाँ ₹10 से ₹3000 तक की रेंज ...और पढ़ें

इस बार बाजार में परंपरागत पटाखों के साथ कई तरह की फैंसी आतिशबाजी भी उपलब्ध है।

इस बार बाजार में परंपरागत पटाखों के साथ कई तरह की फैंसी आतिशबाजी भी उपलब्ध है।

HighLights

  1. पारंपरिक के साथ फैंसी फाउंटेन, मल्टी शॉट और ग्रीन पटाखे उपलब्ध।

  2. 'बीजेपी फैंसी लोट्स' कमल के आकार में रोशनी बिखेरता, खास आकर्षण।

जासं, जमशेदपुर। दीपावली के त्योहार को लेकर जमशेदपुर के बाजारों में पटाखों की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं। इस बार बाजार में परंपरागत पटाखों के साथ-साथ कई तरह की आकर्षक और फैंसी आतिशबाजी भी उपलब्ध है। 
 
बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कीमतों के पटाखे बाजार में उतारे गए हैं। दुकानदारों के अनुसार, बाजार में 10 रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक के पटाखे मिल रहे हैं। 
 
इस बार लोगों में रंग-बिरंगी रोशनी और फव्वारे जैसी आतिशबाजी वाले पटाखों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
 

पारंपरिक के साथ फैंसी पटाखों का जलवा 

बाजार में फुलझड़ी, चकरी, अनार, रॉकेट और बम जैसे पारंपरिक पटाखों के अलावा फैंसी फाउंटेन और मल्टी शॉट भी भारी डिमांड में हैं। 
 
अनार जलाने पर रंगीन चिंगारियां और रोशनी ऊपर की ओर उठती हैं, जबकि फाउंटेन से फव्वारे की तरह रोशनी बिखरती है। जमीन पर घूमती चकरी और हवा में घूमते हुए ऊपर उठने वाले 'हेलिकाप्टर' श्रेणी के पटाखे बच्चों को खूब लुभा रहे हैं।
 
इसके अलावा, पर्यावरण और सेहत को ध्यान में रखते हुए कम धुआं और कम आवाज वाले ग्रीन पटाखों के विकल्प भी बाजार में उपलब्ध हैं। 
 
दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं, हालांकि आतिशबाजी के दौरान पूरी सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।
 

10 से 100 रुपये तक के बजट पटाखे 

कम बजट में दीपावली का आनंद लेने वालों के लिए बाजार में 10 से 100 रुपये तक की रेंज में भी कई विकल्प मौजूद हैं। इस किफायती कीमत में फुलझड़ी, छोटी चकरी, छोटे अनार, रॉकेट और आवाज वाले छोटे पटाखे खरीदे जा सकते हैं।
 
दुकानदार संतोष के अनुसार, इन छोटे पटाखों की कीमतें पैकिंग और ब्रांड के आधार पर भिन्न हो सकती हैं, लेकिन ये बच्चों के लिए बेहद लोकप्रिय हैं।
 

प्रमुख फैंसी पटाखों की कीमत और खासियत 

  • फाइव कलर फाउंटेन (₹1650): इससे पांच अलग-अलग रंगों की रोशनी और फव्वारे जैसा शानदार प्रभाव मिलता है।
  • हरकुलस अनार कैन (₹790): यह पारंपरिक अनार की तरह ऊंची और रंगीन चिंगारियां छोड़ता है।
  • चाइल्ड मोजेटो अनार कैन (₹1140): आकर्षक रंगों के साथ रोशनी का अनूठा प्रभाव बिखेरता है।
  • फैंसी हेलीकाप्टर (₹240): यह घूमते हुए हवा में ऊपर उठने वाली एक रोमांचक आतिशबाजी है।
  • पीकाक (₹320): मोर के पंखों जैसी मनमोहक रंगीन आतिशबाजी प्रस्तुत करता है।
  • रीच फ्लावर शो (₹150): फूलों की तरह रंगीन चिंगारियां चारों तरफ फैलती हैं।
  • पायरो डांस (₹280): यह अलग-अलग अंदाज और स्टाइल में रोशनी का प्रदर्शन करता है।
  • क्रेकलिंग फाउंटेन (₹720): फव्वारे के साथ-साथ इसमें से चटकने जैसी आवाज निकलती है।
  • ट्विक्स फाउंटेन (₹440): फाउंटेन के रूप में चमकदार रंगीन रोशनी बिखेरता है। 
  • कमल के आकार में फैलेगी रोशनी: बीजेपी फैंसी लोट्स

इस दीपावली बाजार में उपलब्ध सबसे आकर्षक फैंसी उत्पादों में 'बीजेपी फैंसी लोट्स' शामिल है, जिसकी कीमत 395 रुपये है। 
 
इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी कमल के फूल जैसी डिजाइन और आतिशबाजी है। इसे जलाने पर जमीन पर कमल के आकार में रंगीन रोशनी फैलती है, जो देखने में बेहद भव्य लगती है। 
 
फूल की पंखुड़ियों की तरह फैलती चमक उत्सव के रंग को और गहरा करती है। पारंपरिक पटाखों से हटकर इसका नया अंदाज लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। 
 
हालांकि, दुकानदारों की अपील है कि किसी भी तरह की आतिशबाजी को खुले स्थान पर ही सावधानी के साथ जलाएं, बच्चों को बड़ों की निगरानी में रखें और सुरक्षा के लिहाज से पास में पानी की बाल्टी जरूर रखें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।