कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ख्याल रखेगी डिजिटल घड़ी
टाटा समूह की कंपनी टाटा कम्युनिकेशन ने एक ऐसी डिजिटल घड़ी तैयार की है जो कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ख्याल रखेगी।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। टाटा समूह की कंपनी टाटा कम्युनिकेशन ने अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए एक डिजिटल घड़ी तैयार की है। उम्मीद है कि जल्द ही कर्मचारियों को यह घड़ी मिल जाएगी।
टाटा कम्युनिकेशन द्वारा तैयार डिजिटल घड़ी, आम घड़ी की ही तरह है। लेकिन इसे मोबाइल की तरह इस्तेमाल से पहले चार्ज करना होगा। इस डिजिटल घड़ी को अपने बाएं हाथ की कलाई पर बांधना होगा। यह घड़ी बांधने वाले के ह्दय गति सहित अन्य गतिविधियों पर नजर रखेगी।
कंपनी के सिस्टम और कंट्रोल रूम से होगा जुड़ा
सबसे बड़ी बात यह डिजिटल घड़ी कंपनी के सिस्टम और कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। जब डिजिटल घड़ी पहना कर्मचारी कंपनी में प्रवेश करेगा तो इसमें लगे रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआइडी) स्वत: एक्टिवेट हो जाएगा और संबधित कर्मचारी की कंपनी में उपस्थित दर्ज करेगा। जब कर्मचारी किसी दुर्घटना संभावित क्षेत्र पर जाएगा तो घड़ी खुद ब खुद वाइब्रेट कर उसे चेतावनी देगा कि सावधानी बरते या दुर्घटना संभावित क्षेत्र से दूर हो जाएं। कभी अगर कर्मचारी किसी दुर्घटना का शिकार हो जाता है और चलने-फिरने में असमर्थ है तो घड़ी में बने पीओएस बटन को पांच सेकेंड तक दबा कर रखना होगा। घड़ी इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम सहित विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाएगा और घायल मरीज को जल्द स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाएंगी।
घड़ी खुद ले लेगा पंच आउट
वहीं, जब कर्मचारी ड्यूटी खत्म कर कंपनी परिसर से बाहर निकलेगा तो घड़ी खुद आउट पंच ले लेगा। यह घड़ी कंपनी के अंदर कर्मचारियों की हर गतिविधि और स्वास्थ्य का बारिकी से नजर रखेगी। चर्चा है कि टाटा स्टील में भी कार्यरत सभी स्थायी व अस्थायी कर्मचारियों को यह डिजिटल घड़ी दी जाएगी।