धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की वन मंजूरी पर फैसले के लिए अभी और इंतजार, केंद्रीय मंत्री की मुहर के बाद साफ होगी तस्वीर
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना की वन मंजूरी पर स्थिति स्पष्ट होने में अभी एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री की अंतिम स्वीकृति के बाद ही 'परिवेश पोर्टल' पर कार्यवाही सार्वजनिक होगी, जिससे परियोजना के भविष्य का पता चलेगा।

एफएसी की बैठक के मिनट्स तैयार होने और मंत्रालय स्तर से अनुमोदन के बाद पोर्टल पर अपलोड होने में सामान्यतः एक से दो सप्ताह का वक्त लगता है।
HighLights
केंद्रीय मंत्री की स्वीकृति के बाद पोर्टल पर आएगी जानकारी।
कोल्हान क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित परियोजना, पर्यावरणीय मंजूरी का इंतजार।
जासं, जमशेदपुर। कोल्हान क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना की वन मंजूरी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने में अभी एक से दो सप्ताह का समय और लग सकता है।
बीते 27 नवंबर को आयोजित वन सलाहकार समिति (एफएसी) की महत्वपूर्ण बैठक की कार्यवाही केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही ‘परिवेश पोर्टल’ पर सार्वजनिक की जाएगी।
विभागीय जानकारों के अनुसार, एफएसी की बैठक के मिनट्स तैयार होने और मंत्रालय स्तर से अनुमोदन के बाद पोर्टल पर अपलोड होने में सामान्यतः एक से दो सप्ताह का वक्त लगता है।
फिलहाल बैठक में लिए गए निर्णय का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। पोर्टल पर कार्यवाही अपलोड होते ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि परियोजना को प्रथम चरण की वन मंजूरी मिली है या नहीं।
गौरतलब है कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौर की पुरानी हवाई पट्टी को विकसित करने के उद्देश्य से 24 जनवरी, 2019 को तत्कालीन केंद्रीय उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु और तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की आधारशिला रखी थी।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम वाली करीब 100 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए भालुकी-देवशोल क्षेत्र में 99.26 हेक्टेयर वन भूमि की आवश्यकता है।
दलमा वन्यजीव अभयारण्य और हाथी गलियारे की निकटता के कारण पर्यावरणीय व वन मंजूरी के अभाव में यह महत्वाकांक्षी परियोजना वर्षों से अटकी रही।
पिछले वर्ष राज्य सरकार द्वारा वैकल्पिक वनरोपण के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने के बाद वन्यजीव मंजूरी की प्रक्रिया को गति मिली।
वहीं, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने भी संसद से लेकर केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव तक लगातार पहल की।
इन्हीं प्रयासों के बाद यह प्रस्ताव 27 नवंबर की एफएसी बैठक में शामिल हुआ, जिसके अंतिम फैसले पर पूरे कोल्हान की निगाहें टिकी हुई हैं।