धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी से पहले रखें इन बातों का ध्यान, बीआइएस केयर ऐप से घर बैठे ऐसे जांचें आभूषण की शुद्धता
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी करते समय उपभोक्ताओं को आभूषणों की शुद्धता की विशेष रूप से जांच करनी चाहिए।

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने लोगों से 'बीआईएस केयर ऐप' के माध्यम से हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर की पुष्टि करने की अपील की है।
HighLights
धनतेरस पर आभूषणों की शुद्धता जांचना अनिवार्य है।
बीआईएस हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर की पुष्टि करें।
'बीआईएस केयर ऐप' से घर बैठे शुद्धता जांचें।
जासं, जमशेदपुर। धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी करते समय उपभोक्ताओं को केवल डिजाइन और कीमत ही नहीं, बल्कि आभूषण की शुद्धता की भी विशेष रूप से जांच करनी चाहिए।
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने त्यौहारी सीजन में लोगों से अपील की है कि वे खरीदारी से पहले हॉलमार्क और हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर की पुष्टि जरूर करें।
बीआइएस जमशेदपुर शाखा के निदेशक कुणाल कुमार के अनुसार, HUID आधारित गोल्ड हॉलमार्क में बीआइएस का मानक चिह्न, कैरेट, फाइनेंस नंबर और छह अंकों का अल्फा-न्यूमेरिक HUID शामिल होता है।
सोने की शुद्धता के मानक तय हैं- 22 कैरेट पर 916, 18 कैरेट पर 750, 14 कैरेट पर 585, 20 कैरेट पर 833, 23 कैरेट पर 958 और 24 कैरेट स्पेशल ग्रेड पर 995 अंकित होता है।
इसी तरह, चांदी की शुद्धता श्रेणियां 800, 835, 925, 958, 970, 990 और 999 हैं (925 फाइनेंस को स्टर्लिंग सिल्वर कहा जाता है)। चांदी के हॉलमार्क में बीआइएस चिह्न, 'सिल्बर' शब्द, फाइनेंस और छह अंकों का HUID होता है।
घर बैठे ऐसे करें शुद्धता की जांच
निदेशक ने बताया कि उपभोक्ता 'BIS Care App' के माध्यम से 'वेरीफाइड HUID' फीचर का उपयोग कर घर बैठे आभूषण की शुद्धता, श्रेणी, ज्वेलर और हॉलमार्किंग केंद्र की जानकारी आसानी से जांच सकते हैं।
इस ऐप पर आभूषण का वजन, धातु का वजन, मेकिंग और वेस्टेज चार्ज, जीएसटी समेत अन्य विवरण भी मिल जाते हैं।
इसलिए खरीदारी के दौरान सभी शुल्कों को समझकर पक्का बिल अवश्य लें। बीआइएस नियमों के तहत यदि आभूषण में शुद्धता कम पाई जाती है, तो उपभोक्ता अंतर राशि का दोगुना और परीक्षण शुल्क पाने का अधिकारी होता है।