Dhanteras 2021: नॉन स्टीक बर्तन, तवा से लेकर इंडक्शन चूल्हा की खूब हो रही है खरीदारी
अधिकतर दुकानों में यूपीआई से ऑनलाइन पेमेंट लिया जा रहा है। यही कारण है कि इस बार दुकानदारों को खरीदारी के बाद चेंज देने में कोई झंझट नहीं उठाना पड़ रहा है। खरीदारी के बाद लोग आसानी से ऑनलाइन पेमेंट कर बिना इंतजार किए खरीदारी कर रहे हैं।
जासं, जमशेदपुर : इस धनतेरस में नॉन स्टील बर्तन, दोसा तवा से लेकर इंडक्शन चूल्हा की सबसे ज्यादा खरीदारी हो रही है। धनतेरस के पहले ही जमशेदपुर के बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ी। अधिक लोग ऐसे बर्तन ज्यादा खरीद रहे हैं जिसे इंडक्शन चूल्हे पर आसानी से रखा जा सके। इसके लिए वे फ्राई पैन, नॉन स्टील बर्तन, कढ़ाही व प्रेशर कूकर तक खरीद रहे हैं। इसके अलावा स्टील का बाजार अब भी सदाबहार है लोग अपने घर के लिए स्टील की थाली, ग्लास, कटोरी व चम्मच खरीद रहे हैं। इसके अलावा तांबा के बर्तन की डिमांड अब भी बना हुआ है। वहीं, अप्पे मेकर, इडली हंडी, तीन से पांच लीटर वाले प्रेशर कूकर, तांबा के पूजा के बर्तन की खूब खरीदारी हो रही है।
आठ से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए बर्तनों की कीमत
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बर्तन की कीमत आठ से 20 प्रतिशत तक बढ़ गयी है। दुकान मालिकों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण पेट्रोलियम प्रद्धार्थो की कीमतों में आई उछाल है। जिसके कारण मई से लेकर अब तक बर्तनों की कीमत में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो चुकी है। क्योंकि अधिकतर बर्तन निर्माण से लेकर माल ढुलाई तक डीजल की बढ़ोतरी का असर पड़ा है।
ऑनलाइन पेमेंट से चेंज की दूर हुई समस्या
इस दीवाली में अधिकतर दुकानों में यूपीआई से ऑनलाइन पेमेंट लिया जा रहा है। यही कारण है कि इस बार दुकानदारों को खरीदारी के बाद चेंज देने में कोई झंझट नहीं उठाना पड़ रहा है। खरीदारी के बाद लोग आसानी से ऑनलाइन पेमेंट कर बिना इंतजार किए खरीदारी कर रहे हैं।
एक्सचेंज और डिस्काउंट ऑफर भी
बर्तन की कीमतों में भले ही बढ़ोतरी हो गई है लेकिन कंपनियां मध्यमवर्गीय परिवार की बजट को ध्यान में रखकर उन्हें एक्सचेंज से लेकर डिस्काउंट ऑफर दे रही है। इसमें पुराने नॉन स्टीक बर्तन पर 200 रुपये तक और स्टील के बर्तन पर एक्सचेंज ऑफर दिए जा रहे हैं। वहीं, कई बड़े सामानों पर डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
सामानों की कीमत (राशि रुपये में)
स्टील के बर्तन : 250 से 600 किलोग्राम
पीतल के बर्तन : 750 से 1000 किलोग्राम
तांबा के पूजा वाले बर्तन : 1500 किलोग्राम
कांसा के बर्तन : 1200 से 1500 किलोग्राम
नॉन स्टीक दोसा तवा : 700 से 1200
इलेक्ट्रिक इंडक्शन : 2500 से 3500
अप्पे मेकर : 350 से 800
केक के बर्तन : 100 से 200
गैस चूल्हा : 2500 से 4000 (दो बर्नर)
गैस चूल्हा : 3000 से 5000 (तीन बर्नर)
स्टील ड्राम : 500 से 1000
स्टील थर्मस : 900 से 1200 (एक लीटर)
हॉट पॉट : 350 से 600 (डेढ़, दो व ढ़ाई लीटर)
चम्मच : 180 से 300 रुपये (12 पीस)
चाकू का सेट : 400 से 550 रुपये
सिलिकॉन ब्रश : 60 से 100 रुपये
नॉन स्टीक करछी : 50 से 100
पानी की हुंडी : 800 से 1500 (आठ से 15 लीटर)
पिछले वर्ष की तुलना में बाजार धीमा है जिसके कारण बिक्री भी कम है। लोगों को कोविड के कारण अब भी भय है कि तीसरा वेव आएगा। इसलिए खरीदार लक्जरी सामान नहीं खरीद रहे हैं।
-नवनीत बसंल, संचालक, विमलेश्वरी प्रसाद-काली प्रसाद बर्तन स्टोर
पहले के वर्षो की तुलना में बाजार में बहुत तेजी नहीं है। कोविड 19 के कारण लोग भीड़-भाड़ में आने से बचने के लिए ऑनलाइन खरीदकारी कर रहे हैं। इसका असर भी बाजार पर पड़ रहा है।
-मनीष जैन, बर्तन स्टोर, सोनारी