श्री साईं बाबा की निकाली गई पालकी शोभायात्रा, मनी 101वीं पुण्यतिथि Jamshedpur news
श्री साईं बाबा की 101वीं पुण्यतिथि पर निकाली गई पालकी शोभायात्रा में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह सेठी शामिल हुए।
जमशेदपुर,जासं। साईं मानव सेवा ट्रस्ट, साई सेवा, साईं आश्रम समिति और शिरडी साईं सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में सोनारी कागलनगर से साईं समाधि पालकी शोभायात्रा निकाली गई। श्री साईं बाबा की 101वीं पुण्यतिथि पर निकाली गई पालकी शोभायात्रा में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह सेठी शामिल हुए।
उन्होंने पालकी शोभायात्रा के दौरान कहा कि साईं पूरे विश्व के गुरु हैं। उनको जागृत गुरु के रूप में माना जाता है। मौके पर आयोग के उपाध्यक्ष गुरदेव सिंह राजा ने कहा कि साईं को मानने वाले सभी धमरें के लोग हैं। साईं का संदेश सबका मालिक एक है। इसलिए उनको मानने वाले सभी धर्म के लोग उनकी पूजा अर्चना करते हैं। कार्यक्रम में झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सरदार शैलेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। पालकी शोभा यात्रा का शुभारंभ डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू ने किया। मौके पर कई लोगों को सम्मानित किया गया। पालकी शोभायात्रा कागलनगर साईं मंदिर से निकलकर गाजे-बाजे के साथ कागलनगर पेट्रोल पंप से होते हुए रामनगर पहुंची, जहां बाबा की आरती के बाद यात्रा समाप्त हुई।
सादगी पूर्वक मनाई पुण्यतिथि
श्री साईनाथ देवस्थानम घोड़ाबांधा में श्री साईं बाबा की 101वीं पुण्यतिथि उत्सव सादगी से मनाई गई। साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान, जमशेदपुर के तत्वावधान में अनुष्ठान की शुरुआत गुरु पादुका पूजन से की गई। पूजन के बाद भक्तों ने बाबा के भजन प्रस्तुत किए। वर्ष 1918 में 15 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे बाबा महासमाधि लिए थे। अनुष्ठान के अंत में बाबा की आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया।