शाम चार बजे ही घुप अंधेरा, तेज आंधी में उड़े टीन-छप्पर
जमशेदपुर शहर में रविवार को धूलभरी तेज आधी चली। चार बजे दिन में ही घुप अंधेरा छा गया। आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई।
जासं, जमशेदपुर : शहर में रविवार को धूलभरी तेज आधी चली। चार बजे दिन में ही घुप अंधेरा छा गया। आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी के कारण पेड़-पौधों के साथ बस्ती क्षेत्रों में मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों में पेड़ उखड़ गए तो कई स्थानों में सड़क पर पेड़ों की डाली टूटकर गिर गईं।
शहर के मानगो, मरीन ड्राइव सोनारी, उलीडीह, बाबूडीह, बिरसानगर, जुगसलाई समेत बस्ती क्षेत्रों में कई स्थानों पर घरों के एस्वेस्टस तो कहीं सड़क किनारे लगे होर्डिग टूटकर गिर और उड़ गए। धूलभरी तेज आंधी के कारण सड़कों पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया था। बादलों की गर्जनओं के साथ हुई बारिश के बाद गैर कंपनी क्षेत्रों में बिजली भी गुल हो गई। आंधी के एक घंटे बाद हुई बारिश दोपहर बाद तेज आंधी चलने के करीब एक घंटे बाद बारिश हुई। करीब एक घंटे तक चली धूलभरी आंधी के कारण ठेला वालों, सब्जी बेचने वालों, होटलों आदि समेत फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। करीब एक घंटे के बाद बारिश शुरू हुई। बारिश के साथ भी हवा की रफ्तार बनी रही।
दोपहर बदला मौसम का मिजाज
दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज दोपहर तक तेज धूप के बाद करीब तीन बजे से आसमान में बादल छाने लगे। इसके बाद तेज हवा चली और बारिश हुई। चार बजे तक शहर में घुप अंधेरा छा गया था। घनघोर अंधेरा छाने के बाद दिन में ही रात जैसा नजारा हो गया था, जिसके बाद सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें जल गईं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को 42 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। इस दौरान शाम ढलने तक 10 मिमी बारिश हुई थी। दोपहर तक बाजारों में चहल-पहल थी, लेकिन गरज-बरस के बाद सड़कों पर सन्नाटा छा गया और और बाजारों में चहल-पहल बंद हो गई।
बारिश के बाद चढ़ा तापमान
बारिश के बाद शहर का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ गया। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि रविवार को न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। इस दौरान आर्द्रता का स्तर अधिकतम 86 और न्यूनतम स्तर 33 प्रतिशत दर्ज की गई।
आज भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घटों के दौरान गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। सोमवार को भी कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के मुताबिक अभी राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।