जमशेदपुर: कार से आए युवाओं ने दिनदहाड़े चुराई बकरियां, चोरी की घटना CCTV में कैद
धालभूमगढ़ के जोड़सोल गांव में दिनदहाड़े बकरियों की चोरी से ग्रामीण दहशत में हैं। चोर बिस्किट का लालच देकर बकरियों को गाड़ियों में भरकर फरार हो गए।

सांकेतिक तस्वीर
संवाद सूत्र, धालभूमगढ़। जमशेदपुर के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत नूतनगढ़ पंचायत के जोड़सोल गांव में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है।
गांव में आए दिन मवेशियों और विशेषकर बकरियों की चोरी होने की घटनाओं से स्थानीय पशुपालक और ग्रामीण बेहद सहमे हुए हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ताजा मामला जोड़सोल गांव निवासी रोहित नायक के घर के ठीक सामने का है। जहां शातिर चोरों ने दिनदहाड़े बकरियों को अपना आसान शिकार बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 19 तारीख को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच जोड़सोल गांव में दो संदिग्ध कार अचानक देखी गईं, जिनमें एक अर्टिगा और दूसरी बलेनो कार शामिल थी।
इन चोरों ने बेहद शातिर और शातिराना तरीका अपनाते हुए रोहित नायक के घर के सामने बकरियों को पहले कुछ बिस्कूट या अन्य खाने-पीने की चीजें फेंककर अपनी ओर आकर्षित किया।
जैसे ही नासमझ बकरियां लालच में आकर गाड़ियों के नजदीक पहुंचीं वैसे ही चोरों ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें बलपूर्वक उठाकर तुरंत दोनों गाड़ियों में लाद लिया और मौके से तेजी से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद जब ग्रामीणों ने इसकी छानबीन शुरू की, तो रोहित नायक के घर के ठीक सामने स्थित सालसर राइस मिल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला गया।
इस सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध गाड़ियां (अर्टिगा और बलेनो) स्पष्ट रूप से संदिग्ध गतिविधियों में नजर आ रही हैं। हालांकि, कैमरे की दूरी या एंगल उचित न होने के कारण गाड़ियों के नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से नहीं पढ़ जा सके, जिस वजह से फिलहाल गाड़ियों के नंबर सामने नहीं आ पाए हैं।
इस दुस्साहसिक घटना से जोड़ सोल गांव के लोगों में चोरों के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। दिन के उजाले में इस तरह की वारदातों के बढ़ने से स्थानीय पुलिस गश्त पर भी गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित ग्रामीण रोहित नायक द्वारा इस पूरे मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने (पुलिस) में दर्ज करा दी गई है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी मदद से संदिग्ध गाड़ियों का पता लगाया जाए और चोरों के इस सक्रिय गिरोह को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
