Cyclone Akwan Update: आज तट से टकराएगा ‘अकवान’, कोल्हान में तेज हवाओं संग मूसलाधार बारिश की चेतावनी
भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में गुरुवार को दिनभर बारिश हुई और सर्द हवाएं चलीं, जिससे कनकनी बढ़ गई।

जमशेदपुर में दिनभर घने बादल छाए रहने के बाद शाम करीब तीन बजे से बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक लगातार जारी रही।
HighLights
चक्रवात अकवान से जमशेदपुर में दिनभर बारिश, कनकनी बढ़ी।
कोल्हान में 20 नवंबर को भारी बारिश, तेज हवाओं का येलो अलर्ट।
निचले इलाकों में जलभराव का खतरा, 24 नवंबर से मौसम साफ।
जासं, जमशेदपुर। भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम समेत पूरे कोल्हान प्रमंडल में साफ तौर पर देखने को मिला।
जमशेदपुर में दिनभर घने बादल छाए रहने के बाद शाम करीब तीन बजे से बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक लगातार जारी रही।
बारिश के साथ चली सर्द हवाओं ने शहर में कनकनी बढ़ा दी है। वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार, 20 नवंबर को जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
अचानक शुरू हुई बारिश ने बिष्टुपुर, साकची, मानगो, कदमा और टेल्को समेत विभिन्न इलाकों में लोगों की रोजमर्रा की परेशानी बढ़ा दी।
ठंडी हवा चलने से दोपहिया वाहन चालकों को खासी कंपकंपी का अहसास हुआ। साकची के राहगीर संजय तिवारी ने बताया कि अचानक मौसम बदलने और सर्द हवा चलने से बिना गर्म कपड़ों के घर लौटना मुश्किल हो गया।
दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश ने बागबेड़ा, जुगसलाई, शास्त्रीनगर और रामजनम नगर जैसे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की धड़कनें तेज कर दी हैं।
बागबेड़ा निवासी मुकेश साहू ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो नालों का पानी एक बार फिर घरों में घुसने का खतरा पैदा हो जाएगा।
आज तट से टकराएगा ‘अकवान’, कोल्हान में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा चक्रवात ‘अकवान’ 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के गोपालपुर-पुरी के बीच 90 से 110 किमी प्रति घंटे की गति से तट से टकरा सकता है।
इसके प्रभाव से 20 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चलने व वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 नवंबर से साफ होगा आसमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को भी कोल्हान में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 22 नवंबर को कोहरे के साथ कुछ स्थानों पर वर्षा होगी।
23 नवंबर को दक्षिणी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 24-25 नवंबर से आसमान साफ होगा। गुरुवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 28.3 और न्यूनतम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने से दिन में ठंडक और बढ़ेगी। चक्रवात को लेकर प्रशासन अलर्ट है।