विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1950 में नेहरू ने किया था राष्ट्र को समर्पित, आज 77वें स्थापना दिवस पर जुटेंगे दिग्गज; पढ़ें एनएमएल की उपलब्धियां

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 25 Nov 2026 07:00 PM (GMT+05:30)

जमशेदपुर स्थित सीएसआइआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) 26 नवंबर को अपना 77वां स्थापना दिवस मनाएगी, जिसमें झारखंड के राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे। 

देश में वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक विकास तथा खनिज प्रसंस्करणों की शुद्धता की जांच करने में सीएसआइआर-एनएमएल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

देश में वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक विकास तथा खनिज प्रसंस्करणों की शुद्धता की जांच करने में सीएसआइआर-एनएमएल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

HighLights

  1. एनएमएल का 77वां स्थापना दिवस 26 नवंबर को मनाया जाएगा।

  2. झारखंड के राज्यपाल समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

  3. संस्थान ने वैज्ञानिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जासं, जमशेदपुर। वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआइआर) की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं में शामिल जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित सीएसआइआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) गुरुवार, 26 नवंबर को अपना 77वां स्थापना दिवस मनाएगी। 
 
इस अवसर पर आयोजित समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 
 
वहीं, अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष जेडी. पाटिल विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। यह भव्य आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी के नेतृत्व में किया जाएगा।
 
देश में वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक विकास तथा खनिज प्रसंस्करणों की शुद्धता की जांच करने में सीएसआइआर-एनएमएल का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 
 
संस्थान का प्रमुख उद्देश्य खनिज, धातु और उन्नत पदार्थों के क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करना है। 
 
वर्तमान में एनएमएल अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी), प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, तकनीकी परामर्श, मानकीकरण और गुणवत्ता संबंधी व्यापक सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। 
 
इसके प्रमुख कार्यक्षेत्रों में खनिज प्रसंस्करण, कोयले का विश्लेषण, निम्न श्रेणी के अयस्कों का संवर्धन, महत्वपूर्ण धातुओं का निष्कर्षण, शहरी अपशिष्ट से धातुओं का पुनर्चक्रण, अपशिष्ट का मूल्य संवर्धन, मिश्रधातु विकास, विफलता विश्लेषण, संरचनात्मक अखंडता का आकलन और उन्नत पदार्थों का विकास शामिल है। 
 
इसके अतिरिक्त, प्रमाणित संदर्भ पदार्थों (सर्टिफाइड रेफरेंस मैटेरियल) के क्षेत्र में भी संस्थान निरंतर कार्य कर रहा है।
 

1950 में पंडित नेहरू ने किया था राष्ट्र को समर्पित 

सीएसआइआर-एनएमएल का गौरवशाली इतिहास देश में वैज्ञानिक अनुसंधान की सशक्त नींव रखने से जुड़ा हुआ है। इस प्रयोगशाला की आधारशिला 21 नवंबर, 1946 को स्वतंत्र भारत के प्रथम एवं एकमात्र गवर्नर जनरल सी. राजगोपालाचारी ने रखी थी। 
 
इसके बाद 26 नवंबर, 1950 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था। उस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने इसे भविष्य के प्रति आशा और विश्वास की भावना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया था।
 
एनएमएल की स्थापना सर शांतिस्वरूप भटनागर की उस व्यापक और दूरदर्शी परिकल्पना का हिस्सा थी, जिसके तहत देश भर में आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों का एक मजबूत नेटवर्क विकसित करना था। 
 
संस्थान की स्थापना में टाटा इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सर रतन टाटा ट्रस्ट तथा इंडियन स्टील एंड वायर प्रोडक्ट्स कंपनी के सरदार बहादुर सर इंदर सिंह ने आर्थिक एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से अहम सहयोग दिया था।
 

पहले भारतीय निदेशक ने रखी विकास की नींव 

प्रयोगशाला के प्रथम भारतीय निदेशक डॉ. बलराज निज्हावन ने संस्थान के शुरुआती विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न पायलट संयंत्रों और अनुसंधान सुविधाओं की स्थापना कर शोध गतिविधियों को गति दी। 
 
साथ ही, देश की पंचवर्षीय योजनाओं की प्राथमिकताओं और जरूरतों के अनुरूप अनुसंधान कार्यक्रमों की शुरुआत की।
 
वर्तमान में संस्थान की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां छह आरएंडडी प्रभागों और चार सहायक प्रभागों के माध्यम से सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
 

सीएसआइआर-एनएमएल के प्रमुख शोध एवं योगदान 

1. लौह अयस्क और खनिज प्रसंस्करण 

संस्थान ने निम्न श्रेणी के लौह अयस्क के संवर्धन की प्रभावी तकनीक विकसित की है। लौह अयस्क की बारीक कणों और खदानों के अपशिष्ट से उपयोगी लौह प्राप्त करने पर गहन शोध किया गया है। 
 
इसके साथ ही टंगस्टन, तांबा, क्रोमाइट, बैराइट और चूना पत्थर के संवर्धन की तकनीक भी तैयार की गई है। एनएमएल ने कोयले से राख की मात्रा कम करने और शुष्क प्रसंस्करण की तकनीक विकसित की है। 
 
कॉलम फ्लोटेशन तकनीक को स्वदेशी स्तर पर विकसित कर व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचाया गया, जबकि खनिजों के पृथक्करण और कम गुणवत्ता वाले कच्चे माल के बेहतर उपयोग के लिए भी नई तकनीकें विकसित की गई हैं।
 

2. स्पंज आयरन उत्पादन में योगदान 

देश में स्पंज आयरन उत्पादन की स्वदेशी तकनीक विकसित करने में एनएमएल ने अग्रणी भूमिका निभाई है। कम गुणवत्ता वाले लौह अयस्क और नॉन-कोकिंग कोयले के उपयोग से स्पंज आयरन बनाने की प्रक्रिया विकसित की गई। 
 
वर्ष 1975-76 में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एनएमएल की तकनीक पर आधारित देश का पहला व्यावसायिक स्पंज आयरन संयंत्र स्थापित हुआ। 
 
इसके अलावा लौह अयस्क की स्लाइम, मिल स्केल और कम गुणवत्ता वाले कोयले से डायरेक्ट रिड्यूस्ड आयरन (डीआरआइ) बनाने की तकनीक भी विकसित की गई है।
 

3. इस्पात उत्पादन में नई तकनीक 

इस्पात निर्माण की प्रक्रिया को अधिक उन्नत बनाने के लिए संस्थान ने इस्पात में फास्फोरस की मात्रा कम करने हेतु विशेष फ्लक्स विकसित किया। 
 
ऑक्सीजन लांसिंग तकनीक पर शुरुआती शोध कर इस्पात उत्पादन को बेहतर बनाने में योगदान दिया गया, वहीं कंटीन्यूअस कास्टिंग तकनीक के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। 
 
एनएमएल ने उच्च शक्ति वाले इस्पात और ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए विशेष स्टील ग्रेड विकसित किए हैं। हाई-स्पीड रेल के लिए उच्च मजबूती और घिसाव प्रतिरोधी रेल स्टील के साथ-साथ ग्रेफीन कोटेड स्टील और जंगरोधी इस्पात पर भी शोध कार्य किया गया है।
 

4. देश में मैग्नीशियम उत्पादन की तकनीक 

संस्थान ने देश में स्वदेशी मैग्नीशियम उत्पादन की तकनीक विकसित की और वर्ष 1972 में मैग्नीशियम पायलट प्लांट चालू किया। 
 
यहां 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला मैग्नीशियम तैयार किया गया, जिसने रक्षा, अंतरिक्ष, विमानन और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतों के लिए मैग्नीशियम की आपूर्ति में अहम योगदान दिया। 
 
आयात पर निर्भरता घटाने के उद्देश्य से मैग्नीशियम उत्पादन और पुनर्चक्रण की नई तकनीकों पर भी निरंतर कार्य किया गया।
 

5. महत्वपूर्ण और रणनीतिक धातुओं का निष्कर्षण 

रणनीतिक और दुर्लभ धातुओं के क्षेत्र में एनएमएल ने टंगस्टन स्क्रैप से टंगस्टन की रिकवरी की तकनीक विकसित की है। परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए आवश्यक सोडियम और गैडोलिनियम के स्वदेशी उत्पादन की तकनीक भी तैयार की गई।
 
औद्योगिक अपशिष्ट से निकेल, कोबाल्ट, लिथियम और अन्य महत्वपूर्ण धातुओं की रिकवरी पर शोध किया गया है। इसके अतिरिक्त जिंक उद्योग के अवशेषों से सीसा निकालने तथा इस्तेमाल हो चुके उत्प्रेरकों से निकेल व अन्य धातुओं की रिकवरी पर भी काम किया गया है।
 

6. ई-वेस्ट और बैटरी का पुनर्चक्रण 

बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक कचरे के समाधान के लिए संस्थान ने मोबाइल फोन, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कचरे से सोना, चांदी, प्लैटिनम और पैलेडियम निकालने की तकनीक विकसित की है। 
 
पुरानी लिथियम आयन बैटरियों से लिथियम, निकेल, कोबाल्ट, मैंगनीज और ग्रेफाइट की रिकवरी पर शोध किया गया, जबकि कंप्यूटर की हार्ड डिस्क से नियोडिमियम जैसे दुर्लभ मृदा तत्वों की रिकवरी की तकनीक भी विकसित की गई। 
 
इलेक्ट्रॉनिक कचरे से रणनीतिक धातुओं की प्राप्ति के लिए वर्ष 2019 में अर्बन ओर्स (ई-वेस्ट) रिसाइक्लिंग सेंटर की स्थापना की गई। 
 
वहीं, वर्ष 2026 तक संस्थान में बैटरी रिसाइक्लिंग के लिए एक टन प्रतिदिन क्षमता वाली पायलट सुविधा स्थापित की गई है, जिसमें बैटरी से महत्वपूर्ण धातुओं के निष्कर्षण और पृथक्करण की व्यवस्था मौजूद है।
 

7. उन्नत मिश्रधातु और विशेष पदार्थ 

संस्थान ने निकेल रहित स्टेनलेस स्टील के साथ-साथ उच्च तापमान पर काम करने वाले विशेष इस्पात और मिश्रधातुओं का विकास किया है। 
 
टाइटेनियम आधारित उन्नत पदार्थों पर शोध किया गया है तथा विमानन और अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए विशेष मिश्रधातु विकसित की गई हैं। 
 
बायोमेडिकल उपयोग के लिए धातु और सिरेमिक आधारित इम्प्लांट पदार्थ भी तैयार किए गए हैं, साथ ही ग्रेफीन आधारित पारदर्शी इलेक्ट्रोड और जंगरोधी कोटिंग के विकास में योगदान दिया गया है।
 

8. परमाणु ऊर्जा और बिजली संयंत्रों के लिए शोध 

उच्च तापमान पर लंबे समय तक काम करने वाले इस्पात की क्षमता का परीक्षण करने के लिए संस्थान ने क्रीप टेस्टिंग के क्षेत्र में एशिया की बड़ी प्रयोगशालाओं में शामिल सुविधा विकसित की है। 
 
परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के लिए विशेष स्टील और मिश्रधातुओं का परीक्षण किया गया तथा इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र के फास्ट ब्रीडर रिएक्टर कार्यक्रम के लिए सामग्री के परीक्षण में योगदान दिया गया। उल्लेखनीय है कि संस्थान ने स्टेनलेस स्टील पर 1.40 लाख घंटे का क्रीप टेस्ट किया है।
 

9. औद्योगिक सुरक्षा और विफलता विश्लेषण 

बिजली संयंत्रों, रिफाइनरियों और औद्योगिक इकाइयों में उपयोग होने वाले उपकरणों की मजबूती का आकलन करने में एनएमएल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 
 
मशीनों और धातु के पुर्जों में दरार, टूट-फूट और जंग लगने के कारणों का पता लगाने की तकनीक विकसित की गई है।
 
औद्योगिक उपकरणों की शेष कार्यशील आयु का आकलन करने के लिए शोध किया गया तथा तारों, वेल्डिंग और इस्पात संरचनाओं में खामियों का पता लगाने वाले पोर्टेबल उपकरण भी विकसित किए गए हैं।
 

10. औद्योगिक कचरे से उपयोगी उत्पाद 

अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में फ्लाई ऐश, ब्लास्ट फर्नेस स्लैग और स्टील स्लैग से पेविंग ब्लॉक बनाने की तकनीक विकसित की गई है। 
 
औद्योगिक अपशिष्ट से जियोपॉलिमर सीमेंट बनाने पर काम किया गया, जबकि कॉपर स्लैग से आर्सेनिक हटाने के लिए फेरिक सल्फेट उत्पादन की तकनीक विकसित की गई। स्टील और अन्य धातु उद्योगों के अपशिष्ट से उपयोगी पदार्थ तैयार कर कचरे को संसाधन में बदलने और पर्यावरणीय प्रदूषण कम करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
 

11. स्वर्ण एवं आभूषण उद्योग के लिए तकनीक 

आभूषण क्षेत्र के लिए संस्थान ने सोना निकालने की साइनाइड मुक्त प्रक्रिया विकसित की है। सोने और हीरे के आभूषणों की सफाई के लिए डिप क्लीनर एवं ब्राइटनर विकसित किया गया। 
 
जबकि चांदी और तांबे की मिश्रधातुओं को काला पड़ने से बचाने के लिए विशेष कोटिंग तैयार की गई। इसके अलावा चांदी के आभूषणों से दाग हटाने के लिए विशेष रसायन भी विकसित किया गया है।
 

12. उद्योगों को तकनीक हस्तांतरण 

एनएमएल ने टाटा स्टील, सेल, हिंदुस्तान कॉपर और अन्य प्रमुख औद्योगिक संस्थानों के साथ मिलकर शोध कार्य किया है। खनिज संवर्धन, धातु निष्कर्षण, मिश्रधातु विकास और औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकें उद्योगों को हस्तांतरित की गई हैं। 
 
धातुओं और इस्पात की गुणवत्ता जांच के लिए प्रमाणित संदर्भ पदार्थ (सर्टिफाइड रेफरेंस मैटेरियल) विकसित किए गए हैं और उद्योगों की जरूरत के अनुसार तकनीकी परामर्श, परीक्षण व गुणवत्ता संबंधी सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

संस्थान का प्रयास वैज्ञानिक नवाचार को उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ना है। अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाओं और अनुभवी वैज्ञानिकों के माध्यम से एनएमएल देश की धातु एवं खनिज आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में योगदान दे रहा है।

-

डाॅ. संदीप घोष चौधुरी, निदेशक, सीएसआइआर- एनएमएल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।