जमशेदपुर, जागरण संवाददाता: जमशेदपुर न्यायालय परिसर में लोडेड पिस्टल के साथ घुस रहे अपराधी अंशु चौहान को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से नाइन एमएम की पिस्टल, छह गोली और एक शराब की बोतल बरामद की है। सीतारामडेरा पुलिस उसे पकड़ने के बाद थाने ले गई। जिस समय उसे पकड़ा गया, वह शराब के नशे में था। हथियार लेकर न्यायालय परिसर में घुसने के पीछे उसकी मंशा क्या थी, और कौन-कौन लोग उसके साथ थे, पुलिस की टीम इसे लेकर पूछताछ कर रही है।

अखिलेश के गुर्गे कन्हैया सिंह का रिश्तेदार है आरोपी

आरोपित दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अखिलेश सिंह के गुर्गे कन्हैया सिंह के साढू का बेटा है। उसके खिलाफ बागबेड़ा, सीतारामडेरा और सिदगोड़ा थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में कन्हैया सिंह और सुधीर दुबे के गुर्गे के बीच 30 अप्रैल 2020 को हुए गैंगवार में अंशु चौहान, कन्हैया सिंह समेत सात लोग घायल हो गये थे।

इस मामले में सभी आरोपितों को पुलिस ने जेल भेजा था। भुइयांडीह के लकड़ी कारोबारी से भी आरोपित ने रंगदारी मांगी थी। इसकी प्राथमिकी सीतारामडेरा थाना में दर्ज है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि आरोपित से पूछताछ जारी है। नशे में होने के कारण बहुत कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है।

पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच न्यायलय में घुसने की कर रहा था कोशिश

जमशेदपुर न्यायालय परिसर भवन के मुख्यद्वार पर जहां पुलिसकर्मियों की विशेष रूप से तैनाती रहती है। उसी द्वार से अधिवक्ता और आम लोगों का आना-जाना होता है। बंदियों को भी पेशी के लिए इसी रास्ते से लाया जाता है। शनिवार दोपहर ढाई बजे के करीब अंशु चौहान उसी गेट से होते हुए न्यायालय परिसर में घुसने लगा।

एएसआई सुमन और अंशु चौहान के बीच उठा-पटक भी हुई

पुलिसकर्मियों ने उसे रोका तो वह वापस ये बहाना बनाकर जाने लगा कि वह लघुशंका के लिए जा रहा है लेकिन उसकी गतिविधि देखकर एएसआई सुमन कुमार को शक हुआ। एएसआई ने पीछे से उसका कालर पकड़ लिया, जिसका वह विरोध करने लगा।

उसने भागने की कोशिश की तो एएसआई ने उसे लंगी मारकर गिरा दिया, जिससे एएसआई और अंशु चौहान दोनों गिर गए। दोनों में उठापटक भी हुई। इसके बाद तैनात पुलिसकर्मी भी पीछे से दौड़े और आरोपित को पकड़ लिया। शरीर की जांच की गई तो कपड़े के अंदर से लोडेड पिस्टल बरामद की गई। पुलिस सक्रियता के कारण आरोपित अपनी मंशा में असफल हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हथियार लेकर कैसे घुसा आरोपित

न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आरोपित हथियार और कारतूस लेकर न्यायालय परिसर में कैसे घुसा, इसे लेकर सवाल उठना लाजिमी है। न्यायालय के हर प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती है। सीसीटीवी भी लगे हुए है। आरोपित हथियार लेकर प्रवेश कर गया मतलब उसकी चेकिंग नहीं की गई। इसको लेकर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर विभागीय गाज गिरना तय माना जा रहा है।

कन्हैया सिंह को मिली जमानत

बागबेड़ा बड़ौदा घाट निवासी कन्हैया सिंह के विरुद्ध जुगसलाई और बागबेड़ा थाना में कुछ दिन पहले चाय विक्रेता से मारपीट करने को लेकर आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में कन्हैया सिंह शनिवार को बागबेड़ा थाने में जमानत के लिए न्यायालय पहुंचा था।

प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी आदित्य के न्यायालय में वह अपने अधिवक्ता प्रकाश झा के साथ उपस्थित हुआ। उसे इस मामले में जमानत मिल गई है। जुगसलाई थाना में उस पर दर्ज धमकी देने और फायरिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर न्यायालय से रोक लगी हुई है। अंशु चौहान के विरुद्ध जुगसलाई थाना में भी मामले दर्ज हैं। वह कन्हैया सिंह के साथ ही न्यायालय आया था।

Edited By: Mohit Tripathi