खूंटी में मुठभेड़ के बाद पूर्वी सिंहभूम में हाई अलर्ट
खूंटी में पश्चिमी सिंहभूम की सीमा से सटे इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बल के साथ पुलिस को भ्रमण का निर्देश दिया गया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि खूंटी की घटना पर जमशेदपुर पुलिस की भी नजर है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : खूंटी में पश्चिमी सिंहभूम की सीमा से सटे इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बल के साथ पुलिस को भ्रमण का निर्देश दिया गया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि खूंटी की घटना पर जमशेदपुर पुलिस की भी नजर है।
इन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाके में जिला पुलिस बल व सीआरपीएफ के साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिला की सीमा से सटे पटमदा व बोड़ाम थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च अभियान चल रहा है। अभियान का नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल अभियान) प्रणव आनंद झा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक करोड़ के इनामी नक्सली आकाश दस्ता के 15 सदस्यों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार कांबिंग कर रही है। सूचना है कि दस्ता पूर्वी सिंहभूम जिला व पुरूलिया जिला के जंगल में ही कहीं छिपा हुआ है। यही कारण है कि पिछले दिनों तीन स्टेट झारखंड, पश्चिम बंगाल व ओडिशा के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों की बैठक जमशेदपुर में आयोजित की गई थी। बैठक में सहमति बनी थी कि इस क्षेत्र में एकमात्र बचे नक्सली दस्ता आकाश को इस वर्ष यानि 2019 में मार दिया जाए या उसे जिंदा पकड़ लिया जाए।
-----
बड़े नक्सली के आत्मसमर्पण के बाद कमजोर हो गया था दस्ता
एसएसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के बड़े नक्सली के पकड़े जाने या आत्मसमर्पण करने के बाद संगठन काफी कमजोर हो गया है। खुद आकाश के सरेंडर करने की बात सामने आई, लेकिन एमजीएम थाना क्षेत्र के बूढा-बूढ़ी पहाड़ में मुठभेड़ के दौरान सीआरपीएफ के एक जवान के शहीद होने के कारण मामला उल्टा हो गया। उन्होंने बताया कि जिले के हार्डकोर नक्सली कान्हू मुंडा, फोगड़ा मुंडा, भोगलू सिंह, शंकर मुंडा, काजल मुंडा, चुन्नू मुंडा, सुंदर मुर्मू, मोहन मुर्मू, मंगल टुडू, संगीता किस्कू, सोनाली टुडू आदि सरेंडर कर चुके हैं।
-----
कोट
पूर्वी सिंहभूम जिले में एक करोड़ के इनामी नक्सली आकाश व 15 लाख के इनामी मदन महतो नक्सली दस्ता के 15 सदस्य सक्रिय हैं। जिला पुलिस सीआरपीएफ जवानों के साथ लगातार उनपर नजर रख रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले से 2019 तक नक्सली को पूरी तरह समाप्त कर देंगे।
-- अनूप बिरथरे, वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर ।