गाय को कोर्ट में किया गया पेश, भेजा गया गोशाला, ये रही वजह
पेशी के बाद गाय को कोर्ट के आदेश पर गोशाला भेजा गया। यह चौंकानेवाला मामला है झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर का।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। गाय की कोर्ट में पेशी हुई। पेशी के बाद गाय को कोर्ट के आदेश पर गोशाला भेजा गया। यह चौंकानेवाला मामला है झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर का।
दरअसल, शंकोसाई में छापेमारी कर एक गाय को उलीडीह पुलिस ने 13 मार्च को बरामद किया था। अवैध तरीके से गाय को ले जाने के मामले में मुख्तार अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उक्त गाय को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया और कोर्ट के निर्देश के बाद उसे गोशाला भेज दिया गया। ओलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर पीसीआर वैन ने छापेमारी कर संदिग्ध हालत में गाय को ले जाते मुख्तर अंसारी को गिरफ्तार किया गया था। दो दिनों से गाय उलीडीह थाना में थी, जिसे गुरुवार को कोर्ट के निर्देश पर गोशाला भेजा गया। आरोपित मुख्तार अंसारी इस्लामनगर कपाली सरायकेला खरसावां का रहने वाला है।
डकैती की योजना बनाने के आरोप से चार बरी
एडीजे पांच कोर्ट ने डकैती की योजना बनाने के मामले से सोनारी दोमुहानी निवासी विकास सिंह होते, टिलोभट्टा निवासी समीर सरदार, बेल्डीग्राम निवासी बाबू लोधी व कोंडा सोय को साक्ष्य के अभाव में गुरुवार को बरी कर दिया है। इसी मामले के दूसरे आरोपित सोनारी निवासी सुशील केराई व शेरू सरदार का मामला अलग से चल रहा है। इस मामले में 16 लोगों की गवाही कोर्ट में हुई। घटना 27 नवंबर 2015 की है। तत्कालीन इंस्पेक्टर सुमन आनंद ने गुप्त सूचना के आधार पर कपाली बस्ती श्मशान घाट के समीप छापामारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उसके पास से चार लोडेड पिस्तौल व कारतूस पुलिस ने बरामद की थी।
चेक बाउंस के मामले में तीन माह की सजा
न्यायिक दंडाधिकारी दर्शना की कोर्ट ने चेक बाउंस के मामले में टेल्को निवासी मनोरंजन भुइयां को तीन माह की सजा व दो लाख 40 हजार रुपये वापस करने का निर्देश गुरुवार को दिया है। बिरसानगर जोन नंबर एक निवासी सुमीत कुमार साहू ने मनोरंजन भुइयां के खिलाफ चेक बाउंस की शिकायतवाद कोर्ट में दाखिल की थी।