Jamshedpur के एमजीएम अस्पताल से भागा कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप
Jamshedpur Coronavirus Update. एमजीएम अस्पताल से रविवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज भाग गया। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पदाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित थाना को भी सूचित किया गया। उसकी खोजबीन शुरू हो गई है।
जमशेदपुर, जासं। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रविवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज भाग गया। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पदाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित थाना को भी सूचित किया गया। उसकी खोजबीन शुरू हो गई है। मरीज मानगो हनुमान मंदिर के आस-पास के रहने वाला है।
दरअसल, मरीज में कोरोना का लक्षण मिलने के बाद उसकी जांच कराई गई तो वह पॉजिटिव निकला। इसके बाद उसे एमजीएम के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया। यहां से वह अचानक से उठकर भाग गया। मामला तब सामने आया जब एक नर्स उसे दवा देने के लिए उसके बेड तक गई। इस दौरान आस-पास के मरीजों से पूछा गया कि उन्होंने बताया कि बहुत देर से वह मरीज आया नहीं है। इसके बाद उस मरीज को पूरे अस्पताल में ढूंढा गया लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इससे पूर्व भी अस्पताल से कोरोना पॉजिटिव मरीज भाग चुके हैं।
अस्पताल में सुरक्षा भगवान भरोसे
अस्पताल में फिलहाल एक भी होमगार्ड के जवान सुरक्षा में तैनात नहीं है। अस्पताल की सुरक्षा रामभरोसे है। अस्पताल में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। एमजीएम अस्पताल की सुरक्षा में कुल 90 होमगार्ड के जवान तैनात थे लेकिन उनके हड़ताल पर जाने से अस्पताल की सुरक्षा रामभरोसे हो गई है। एक भी सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात नहीं है। जबकि एमजीएम अस्पताल में आय दिनों चोरी-दलाली की शिकायतें सामने आते रही है। अस्पताल में अगर जल्द ही सुरक्षाकर्मी की नियुक्ति नहीं हुई तो चोरी की घटनाएं फिर से एक बार बढ़ सकती है।
कल भी भाग निकला था एक मरीज
आपको बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपायुक्त कार्यालय के पास शनिवार को एक व्यक्ति की कोरोना जांच की गइ थी। जांच में वह कोरोना पाजिटिव पाया गया। वह व्यक्ति सीतारामडेरा का रहनेवाला था। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल ले गइ। उक्त पाजिटिव व्यक्ति एमजीएम अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल से फरार होने के बाद हड़कंप मंच गया। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ उक्त व्यक्ति को ढूंढ निकाला। उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया।