Live Coronavirus Jamshedpur : प्रवासियों संग कोल्हान में दाखिल हो रहा कोरोना, अबतक मिले 31 पॉजिटिव में 27 प्रवासी
Live Coronavirus Jamshedpur.अबतक कोल्हान में 31 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें एक को छोड़कर सभी 30 प्रवासी छात्र व मजदूर हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। Live Coronavirus Jamshedpur कोरोना संक्रमण तेजी में फैलने की वजह से कोल्हान ऑरेंज जोन में है। प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम जिले के रेड जोन में आने का खतरा मंडरा रहा है। अबतक कोल्हान में 31 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें एक को छोड़कर सभी 30 प्रवासी छात्र व मजदूर हैं।
बाहर से लोगों की घर वापसी का सिलसिला जारी है और प्रशासन की चिंता बढ़ी है। लोग भी भयभीत हैं। पूर्वी सिंहभूम में अबतक 23 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कोरोना पॉजिटिव की संख्या चार-चार है। शनिवार का दिन जहां पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लिए राहत भरा वही पूर्वी सिंहभूम की चिंता बढ़ाने वाला।
एक साथ मिले तीन पॉजिटिव प्रवासी
पूर्वी सिंहभू में शनिवार और रविवार को तीन-तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। कोरोना पॉजिटिव मरीजों में एक मानगो, दूसरा पटमदा व तीसरा मरीज बिहार के सिवान जिले का है। तीनों को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। जिला सर्विलांस विभाग ने तीनों नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। शनिवार को आई रिपोर्ट में तीनों में कोरोना की पुष्टि हुई। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद तीनों को आनन-फानन में को टाटा मुख्य अस्पताल भेजा गया। मानगो निवासी 17 मई को बेंगलुरु से लौटा था। इसके बाद उसकी लोयला स्कूल में जांच की गई थी और एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया था। पटमदा निवासी 18 मई को ओडिशा से एमजीएम अस्पताल पहुंचा था। वहीं, तीसरा मरीज हरियाणा से बिहार जा रहा था। इसी दौरान पारडीह चेकनाका से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे लाकर एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया था। तीनों मरीज प्रवासी मजदूर हैं।
वार्ड कराया गया खाली
एमजीएम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के जिस कमरे में तीनों मरीज भर्ती थे, उसे खाली कराया दिया गया है। मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इसके बाद सैनिटाइज किया गया। तीनों मरीजों की सेवा में तैनात करीब एक दर्जन डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन व सफाई सेवकों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। इन सभी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा।
कोरोना अपडेट-सरायकेला खरसावां
- जिले में जांच किए गए सैंपल की संख्या (सभी) - 1323
- दोबारा के लिए भेजे गए सैंपल की संख्या - 04
- नेगेटिव पाए गए सैंपल की संख्या- 641
- पॉजिटिव पाए गए सैंपल की संख्या- 04
- अप्राप्त रिजल्ट की संख्या - 678
- रविवार को कलेक्शन की गई सैंपल की संख्या - 110
- जिले में प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर की संख्या - 12
- पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर की संख्या - 82
- क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों की संख्या (सभी) -826