यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics : कोलकाता से जमशेदपुर पहुंचे कांग्रेस के विधायकों ने कहा, हमारे खिलाफ हुई साजिश
कोलकाता से जमशेदपुर पहुंचे कैश कांड के आरोपित विधायकों ने कहा कि वे शीतकालीन सत्र में भाग लेंगे। अपने उपर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कोलकाता में 49 लाख रुपये के साथ 30 जुलाई को पकड़े गए कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप व नमन विक्सल कोंगाड़ी गुरुवार देर रात सड़क मार्ग से कोलकाता से जमशेदपुर पहुंचे। यहां कांग्रेस नेता राकेश साहू के साथ कार्यकर्ताओं ने साकची में पुराना कोर्ट मोड़ के पास फूल-माला पहना कर अभिनंदन किया।
इस मौके पर तीनों विधायकों ने कहा कि उन्हें बेरमो के विधायक अनूप सिंह ने साजिश के तहत फंसाया। अनूप सिंह ने हमारे खिलाफ रांची में प्राथमिकी दर्ज कराई, बल्कि आलाकमान से झारखंड सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगा दिया। एक वर्ष से हमलोगों की अनूप सिंह से कोई बात नहीं हुई है। हम छोड़ेंगे नहीं। आलाकमान ने भी हमारा पक्ष सुने बिना एकतरफा कार्रवाई कर दी, हम आलाकमान के समक्ष अपनी बात रखेंगे। हमने सरकार गिराने की कोई साजिश नहीं रची थी। यह पैसा हम तीनों ने जुटाया था, जिससे कोलकाता में पाड़ वाली साड़ी खरीदनी थी। हम हर साल अपने विधानसभा क्षेत्र में दुर्गापूजा के दौरान साड़ी वितरण करते हैं।
हम गरीब विधायक, अनूप अमीर
राजेश कच्छप व नमन विक्सल ने कहा कि हम गरीब विधायक हैं, अमीर तो अनूप सिंह हैं। यही वजह है कि उनके यहां आयकर का छापा पड़ा। हम जमीन से जुड़े लोग हैं। कोई नहीं बता सकता कि हमने किसी से कभी पैसा मांगा है। अनूप सिंह को साबित करना होगा कि हमें किसने 10-10 करोड़ रुपये का आफर दिया था। हम उन्हें कोर्ट में घसीटेंगे। हमने कांग्रेस से ही राजनीति शुरू की और आजीवन कांग्रेस में रहेंगे। हमने किसी लालच में आकर राजनीति नहीं की है।
आज विधानसभा में रखेंगे अपनी बात
तीनों विधायक गुरुवार रात करीब 10 बजे जमशेदपुर से रांची के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि वे शुक्रवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शामिल होकर अपनी बात रखेंगे। हम पूरी बात बताएंगे कि किस तरह हम पकड़े गए। हमारे साथ किस तरह साजिश रची गई।
