महिला नेत्री के प्रेम प्रसंग को लेकर जिला कांग्रेस में घमासान Jamshedpur News
कांग्रेस की एक महिला नेत्री ने अपने साथ हो रहे अन्याय की आवाज उठाते- उठाते थक कर पार्टी से किनारा कर लिया है। मामला प्यार में धोखा का है।
गम्हरिया, जासं। सरायकेला- खरसावां जिला कांग्रेस एक महिला नेत्री को लेकर दो भागों में बंटती नजर आ रही है। पार्टी की एक प्रदेश स्तरीय नेत्री ने अपने साथ हो रहे अन्याय की आवाज उठाते- उठाते थक कर पार्टी से किनारा कर लिया है।
उसके समर्थन में पार्टी के कई नेता खुद को किनारे कर रहे हैं, वहीं कुछ नेताओं ने मौन साध लिया है। उक्त महिला नेत्री के अलावा उनके लिए इंसाफ मांग रही आदित्यपुर नगर निगम की एक महिला पार्षद सह कांग्रेस नेत्री ने भी पार्टी के वरीय नेताओं और सांसद गीता कोड़ा एवं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा द्वारा मामले में संज्ञान नहीं लेने से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है।
पार्टी नेता से हो गया था प्रेम
बताया गया है कि वह महिला नेत्री प्रदेश की एक महत्वपूर्ण पद के साथ- साथ यूथ इंटक की जिला इकाई में भी बड़े पद पर आसीन है। इसके अलावा वह जमीनी स्तर पर स्थानीय मुद्दों व महिलाओं के मामलों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती रहीं हैं। उसके इसी जज्बे को देखकर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें कई अहम जिम्मेवारियां भी दी थीं। बताया गया है कि उन्हें पार्टी के ही एक कार्यकर्ता हरकृष्ण सिंह के साथ प्रेम हो गया था। दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ते ही कांग्रेस नेता उक्त महिला नेत्री को शादी का झांसा देकर उसके साथ एक साल से यौन शोषण करता रहा। नेत्री द्वारा कांग्रेस नेता पर शादी का दबाव बनाया गया तो पहले तो उसने शादी से इंकार कर दिया, लेकिन सामाजिक स्तर पर गम्हरिया गुरुद्वारा में कांग्रेस नेता की बहन की शादी के बाद शादी करने पर पारिवारिक सहमति बन गई थी।
फिर किया शादी से इन्कार
इसी बीच जिस कांग्रेस नेता की उंगली पकड़कर महिला नेत्री ने राजनीति का ककहरा सीखा, उन्हीं के पुत्र ने कांग्रेस नेता के परिवारवालों से पैसे लेकर उन्हें शादी से इंकार करवा दिया। महिला नेत्री के अनुसार, अब उसे जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। इधर उक्त महिला नेत्री का साथ दे रही एक महिला पार्षद ने भी खुद को धमकी दिए जाने संबंधी शिकायत आदित्यपुर थाने में दर्ज कराई है। दोनों नेत्रियों ने संगठन स्तर के सभी नेताओं पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। दोनों नेत्रियों ने पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं होने का आरोप लगाया है।