डिवीलियर्स 14 में तो विराट बिके 13.5 करोड़ में!
कॉमर्स फेस्ट एसेंट-2018 के तहत आइपीएल टीम खरीद का इवेंट आयोजित किया गया। इसके लिए पूरा सेटअप तैयार किया गया।
जमशेदपुर (वेंकटेश्वर राव)। इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों की बोली कैसे लगाई जाती है, इसका जीता जागता उदाहरण डीएवी बिष्टुपुर के कॉमर्स फेस्ट एसेंट-2018 में देखने को मिला। यहां छात्राओं ने अपनी टीम को लेकर खिलाड़ियों की जमकर बोली लगाई। छात्र जान्हवी जैसे ही हथौड़ा मारकर बिकने की घोषणा कर रही थी तो टीमें जमकर ताली भी बजा रही थी। इस फेस्ट के तहत आइपीएल टीम खरीद का इवेंट आयोजित किया गया। इसके लिए पूरा सेटअप तैयार किया गया। इसमें सबसे अधिक दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी एबी डिवीलियर्स के लिए 14 करोड़ की बोली लगाई।
इस प्रतियोगिता के लिए प्रारंभिक दौर के बाद फाइनल राउंड के लिए छह स्कूलों का चयन किया गया। इसमें शिक्षा निकेतन टेल्को चेन्नई सुपर किंग्स, नरभेराम हंसराज बिष्टुपुर की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स, केएसएमएस गोलमुरी की टीम सनराइजर्स, जुस्को साउथ पार्क राजस्थान रॉयल्स, जेपीएस बारीडीह की टीम रॉयल चैलेंजर बेंगलुरू, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर की टीम मुंबई इंडियन का प्रतिनिधित्व कर रही थी।
इस प्रतियोगिता में सबसे पहले सुरेश रैना के लिए बोली लगाई गई, जो 4.5 करोड़ रुपये तक पहुंची। इन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। प्रतियोगिता में एक-एक टीम को 11 खिलाड़ी खरीदने थे।
खिलाड़ियों पर लगी सबसे अधिक बोली
-एबी डिवीलियर्स -14 करोड़
-विराट कोहली -13.5 करोड़
-एड्रयू टाई -10 करोड़
-अंबाती रायडू-07 करोड़
-जसप्रीत बुमराह -6.5 करोड़
एसेंट का विजेता बना केएसएमएस
डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टूपुर में आयोजित कॉमर्स फेस्ट एसेंट-2018 का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के154 बच्चों ने भाग लिया। दिन भर कॉमर्स विषय से संबधित प्रतियोगिताएं हुई। अंत में प्रतियोगिताओं के आधार पर केरला समाजम मॉडल स्कूल गोलमुरी को विजेता और जमशेदपुर पब्लिक स्कूल बारीडीह को उप विजेता घोषित किया गया। इससे पहले इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सेंट्रल जीएसटी कमिश्नर अजय कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और आर्थिक स्थिति को विद्यार्थियों को जानना समझना चाहिए।