नक्सली अभियान में लगे कोबरा बटालियन जवान को 'कोबरा' ने डसा Jamshedpur News
नक्सली सर्च अभियान में लगे कोबरा बटालियन के जवान को शनिवार शाम दलमा के जंगल में एक सांप ने डस लिया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। नक्सली सर्च अभियान में लगे कोबरा बटालियन के जवान को शनिवार शाम दलमा के जंगल में एक सांप ने डस लिया। घटना के बाद साथ मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाई और उसे लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। फिलहाल जवान का इलाज एमजीएम के आईसीयू वार्ड में चल रहा है। जवान का नाम गूनाम बताया जा रहा है और वह कोबरा बटालियन में कार्यरत है।
सर्च अभियान से लौटते वक्त घटी घटना
जवान के साथियों ने बताया कि सभी जवान सर्च अभियान में लगे हुए थे। दो टीम में कुल 24 से 25 जवान शामिल थे। सर्च अभियान खत्म होते ही दोनों टीमें वापस आ रही थी। गुनाम दूसरी टीम में था। वापस लौटने के समय पेड़ पर एक सांप था जो गुनाम की दायें हाथ की कलाई पर लिपट गया और हाथ पर डस लिया। सांप के डसते ही बाकि जवानों ने सांप को पकड़कर मार डाला। सभी दौड़ते हुए पहाड़ से उतरे और गुनाम को वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। साथ ही बटालियन के एसपी अवधेश कुमार धानी को इसकी सुचना दी। अवधेश कुमार ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर जवान का हालचाल जाना। फिलहाल जवान खतरे से बाहर है।
रसल वाइपर प्रजाति का था सांप
जिस सांप ने जवान को डसा था वह रसल वाइपर प्रजाति का है। घटना के बाद जवानों ने सांप को मार दिया और अस्पताल लेकर आ गए। यहां डॉक्टर ने सांप को देखने के बाद उसके रसल वाइपर प्रजाति के होने की पुष्टि की।