विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JFC का लाइसेंस खरीदने वाली चर्चिल ब्रदर्स मुसीबत में, कई विदेशी और देशी स्टार्स के भविष्य पर संशय

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:26 PM (IST)

जेएफसी का लाइसेंस खरीदने वाले चर्चिल ब्रदर्स पर एआइएफएफ ने नए खिलाड़ियों के पंजीकरण पर रोक लगा दी है। इससे कई स्टार खिलाड़ियों के भविष्य पर संकट मंडरा गया है।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. फीफा के निर्देश पर एआइएफएफ ने लगाया कड़ा प्रतिबंध।

  2. आईएसएल में एंट्री, कई स्टार खिलाड़ियों का भविष्य अधर में।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) का लाइसेंस हासिल कर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में धमाकेदार प्रवेश की तैयारी कर रहे गोवा के दिग्गज फुटबॉल क्लब चर्चिल ब्रदर्स की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। 
 
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआइएफएफ) ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) के निर्देश पर क्लब द्वारा नए खिलाड़ियों के पंजीकरण पर तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय स्तर पर रोक लगा दी है। 
 
जेएफसी द्वारा हाल ही में अपनी सीनियर टीम बंद करने के बाद चर्चिल ब्रदर्स ने उनका आईएसएल लाइसेंस खरीदा था। गोवा के इस प्रतिष्ठित क्लब का लक्ष्य आईएसएल के आगामी सीजन में एक नई ताकत के रूप में उभरना था। 
 
लेकिन अब यह कदम उनके लिए बड़ी मुसीबत बनता दिख रहा है। एआइएफएफ ने दो सितंबर को सर्कुलर जारी कर सभी राज्य संघों को इस कड़े प्रतिबंध की औपचारिक सूचना दे दी है। 
 

प्रतिबंध का कारण और अवधि स्पष्ट नहीं 

यह सख्त कार्रवाई एक सितंबर को फीफा के अनुशासनात्मक प्रमुख से मिले पत्र के आधार पर की गई है। हैरानी की बात यह है कि महासंघ द्वारा जारी सर्कुलर में न तो इस प्रतिबंध के पीछे का स्पष्ट कारण बताया गया है और न ही इसकी मियाद (अवधि) को लेकर कोई जानकारी साझा की गई है। 
 
पर्दे के पीछे क्या विवाद हुआ है, इसे लेकर भारतीय फुटबॉल जगत में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस अचानक लगे बैन से चर्चिल ब्रदर्स की पूरी रणनीति और आईएसएल अभियान पर गहरा असर पड़ेगा।
 

स्टार खिलाड़ियों के भविष्य पर लटकी तलवार 

टीम को खिताब का मजबूत दावेदार बनाने के लिए चर्चिल ब्रदर्स ने ट्रांसफर डेडलाइन वाले दिन ही 29 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी सेंटर-फॉरवर्ड वेड लेके को साइन किया था। 
 
इसके अलावा विंसी बैरेटो, ड्रामने सालौ, सेबेस्टियन गुटिरेज, मोसेस लालरिज़ुआला, दत्तराज गांवकर और फेलिक्स फर्नांडिस जैसे होनहार खिलाड़ियों के साथ भी हाल ही में नया करार किया गया है।
अब सबसे बड़ा तकनीकी संकट यह खड़ा हो गया है कि यदि इन सभी खिलाड़ियों का आधिकारिक पंजीकरण बैन लागू होने से पहले पूरा नहीं हुआ होगा, तो इनका आगामी आईएसएल सीजन में मैदान पर उतरना लगभग असंभव हो जाएगा। 
 
बैन लागू रहने तक चर्चिल ब्रदर्स आधिकारिक तौर पर किसी भी नए खिलाड़ी को रजिस्टर नहीं कर सकेगी, जिससे क्लब भारी प्रशासनिक संकट में घिर गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।