बालीवुड सिंगर मोहित चौहान संग छऊ महोत्सव में आज थिरकेगा सरायकेला
सरायकेला के भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में आज बुधवार शाम पांच बजे से छऊ महोत्सव का शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में लोक कलाकारों के अलावा कई बालीवुड सिंगर भी शिरकत करेंगे।
जेएनएन, जमशेदपुर : सरायकेला में आज बुधवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय राजकीय छऊ महोत्सव सह पर्यटन मेला को लेकर उत्साह चरम पर है। सरायकेला के अलावा बड़ी संख्या में जमशेदपुर से भी कलाप्रेमी इस आयोजन में शामिल होंगे। बालीवुड सिंगर मोहित चौहान भी इस कार्यक्रम में शरीक होंगे। सरायकेला एसडीओ सह राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के सचिव संदीप दुबे के अनुसार, महोत्सव में छऊ नृत्य की सभी विधाओं की प्रस्तुति होगी। विभिन्न गांवों से पहुंचे छऊ नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा शास्त्रीय नृत्य, सुगम संगीत, वाद्य संगीत और अन्य लोक कलाओं की प्रस्तुति होगी।
---
आज क्या क्या होगा
बुधवार 11 अप्रैल को शाम पांच बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मुख्य अतिथि की मौजूदगी में विधिवत छऊ मंच पूजन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ होगा। पहले दिन विभिन्न शैलियों की छऊ नृत्य, प्रसिद्ध शेरोन लोवेन नृत्यागना द्वारा ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति के साथ बॉलीवुड गायिका देवांजलि विश्वास, गायक शहजान मुजीब व स्निग्धाजीत भौमिक गीत प्रस्तुति करेंगे।
---
कल क्या क्या होगा
गुरुवार यानी 12 अप्रैल को शाम में सरायकेला खरसवां की छऊ नृत्य शैली की प्रस्तुति होगी। इसके बाद बॉलीवुड गायक मोहित चौहान और उनकी टीम अपनी प्रस्तुति देगी। इसके अलावा मिरकॅल आन व्हील्स डांस ग्रुप की प्रस्तुति होगी। इसमें दिव्यांग बच्चे व्हील चेयर पर बैठकर अपनी कला प्रदर्शित करेंगे।
-- शुक्रवार को क्या क्या होगा
शुक्रवार 14 अप्रैल को महोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चयनित छऊ दलों को सम्मानित करेंगे। महुरी नामक स्मारिका का विमोचन होगा। सरायकेला जिले के कलाकर रात भर छऊ नृत्य प्रस्तुति देंगे।
---- नौका विहार का उठाएं आनंद
महोत्सव प्रभारी के अनुसार, 12, 13 और 14 अप्रैल को चांडिल डैम में नौका विहार और वाटर स्पोर्टस का आयोजन भी किया गया है। लोग विभिन्न प्रकार के बोट पर नौका विहार का आनंद ले सकेंगे।