छठ पर घर जाने की जद्दोजहद: सीटों से ज्यादा यात्री कर रहे सफर, बसों में टेबल बैठकर जाने को भी मजबूर लोग
लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, क्योंकि ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं।

ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली बसों में यात्रियों का भारी दबाव देखा जा रहा है।
HighLights
जमशेदपुर से बिहार जाने वाली बसों में छठ पर भारी भीड़।
ट्रेनों में टिकट न मिलने से यात्री बसों का सहारा ले रहे।
यात्रियों की सुविधा के लिए पांच अतिरिक्त बसें चलाई गईं।
जासं, जमशेदपुर। लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर अपने पैतृक घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड पर लगातार बढ़ रही है।
ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली बसों में यात्रियों का भारी दबाव देखा जा रहा है।
स्थिति यह है कि लगभग हर बस में क्षमता और सीटों से अधिक यात्री सफर करने को मजबूर हैं। सबसे अधिक भीड़ पटना, आरा, छपरा और सीवान जाने वाली बसों में उमड़ रही है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए पांच अतिरिक्त बसें शुरू
बस कंडक्टर पिंटू सिंह ने जानकारी दी कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए बनारस और मुजफ्फरपुर समेत बिहार के विभिन्न प्रमुख रूटों पर पांच अतिरिक्त बसों का परिचालन शुरू किया गया है।
इनमें पटना, आरा, बक्सर और मुजफ्फरपुर रूट की बसें प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी भारी भीड़ है और जिन यात्रियों को ट्रेनों में जगह नहीं मिल पा रही है, वे बड़ी संख्या में बसों का सहारा ले रहे हैं।
सामान्य दिनों की तरह ही लिया जा रहा किराया
बस संचालकों का कहना है कि छठ पर्व के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और उनसे सामान्य दिनों की तरह ही किराया वसूला जा रहा है।
- वोल्वो बसें: पटना और बलिया के लिए सीटिंग का किराया 1400 से 1500 रुपये तक है, जबकि स्लीपर का किराया 1000 से 1200 रुपये के बीच तय है।
- एसी सीटिंग बसें: आरा और बक्सर के लिए करीब 800 रुपये तथा पटना के लिए 1100 से 1200 रुपये किराया लिया जा रहा है।
- सीवान और छपरा: इन रूटों के लिए स्लीपर कोच का किराया 1200 से 1500 रुपये तक निर्धारित है।
करंट टिकट के लिए मारा-मारी, जमीन पर बैठकर जाने को तैयार यात्री
बसों में तत्काल और करंट बुकिंग की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे यात्री सफर वाले दिन भी टिकट लेकर रवाना हो रहे हैं।
हालांकि, जिन लोगों ने पहले से ऑनलाइन बुकिंग नहीं कराई थी और अंतिम समय में गांव जाने की योजना बनाई है, उनके लिए करंट में टिकट पाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है।
कई परिवारों को निराशा हाथ लग रही है, तो कई यात्री घर पहुंचने की ललक में बस के भीतर टेबल या जमीन पर बैठकर भी सफर करने को तैयार हैं।
फिलहाल, पटना और छपरा रूट पर भारी दबाव के बीच बक्सर और आरा की कुछ बसों में अपेक्षाकृत थोड़ी राहत है।